• Home
  • फिरोजाबाद
  • समर कैंप का शुभारम्भ, बच्चों को सिखाई जाएंगी विभिन्न कलाएं

समर कैंप का शुभारम्भ, बच्चों को सिखाई जाएंगी विभिन्न कलाएं

फिरोजाबाद। जायंट्स ग्रुप ऑफ महिला शक्ति द्वारा बच्चों के सर्वांगीण विकास एवं उनकी रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पं. जगदीश प्रसाद उपाध्याय सरस्वती बालिका विद्या मंदिर में समर कैंप का आयोजन किया गया। कैंप का उद्देश्य बच्चों को नई-नई कलाओं, शारीरिक फिटनेस, मानसिक विकास एवं सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ना है।

समर कैंप का शुभारम्भ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। यह कैंप 30 मई तक प्रतिदिन प्रातः 7 बजे से 10 बजे तक संचालित किया जाएगा। कैंप में बच्चों के लिए अनेक शिक्षाप्रद, रचनात्मक एवं मनोरंजक गतिविधियों को शामिल किया गया है। कैंप के दौरान बच्चों को आर्ट एंड क्राफ्ट, जूडो एवं कराटे, टाई एंड डाई, कप पेंटिंग, फोटो फ्रेम निर्माण, सिलाई एवं कढ़ाई, मेहंदी, नृत्य, बिना आग के भोजन निर्माण, अंग्रेजी बोलना, हस्तकला, योग एवं ध्यान जैसी गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही बच्चों में देशभक्ति एवं संस्कारों की भावना विकसित करने के लिए वंदे मातरम् कार्यक्रम का भी आयोजन किया जाएगा।

विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, रचनात्मक सोच एवं नई कला सीखने की प्रेरणा विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। कैंप का मुख्य उद्देश्य बच्चों को गर्मी की छुट्टियों का सदुपयोग करते हुए उन्हें नई-नई कलाओं, शारीरिक फिटनेस, मानसिक विकास एवं सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ना है। यह बच्चों के व्यक्तित्व विकास, आत्मनिर्भरता एवं सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देने में सहायक सिद्ध होगा।

प्रधानाचार्या मीना यादव, कल्पना राजौरिया एवं मोनिका रानीवाला ने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि इस प्रकार के समर कैंप बच्चों के मानसिक, शारीरिक एवं रचनात्मक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम में अध्यक्ष सीमा अग्रवाल, प्रशासनिक निर्देशिका दीपाली सिंघल, वित्त निर्देशिका गौरी बंसल, मोनिका रानीवाला, मोनिका गर्ग, एकता मित्तल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top