• Home
  • फिरोजाबाद
  • स्वच्छता को संस्कार बनाने की मुहिम शुरू, महीने में दो बार होगा श्रमदान

स्वच्छता को संस्कार बनाने की मुहिम शुरू, महीने में दो बार होगा श्रमदान

फिरोजाबाद। जिला प्रशासन ने स्वच्छता को जनआंदोलन का रूप देने के लिए नई पहल शुरू की है। इसके तहत अब प्रत्येक महीने के दूसरे और चौथे शनिवार को सभी सरकारी कार्यालयों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। अभियान के दौरान अधिकारी और कर्मचारी दो घंटे का श्रमदान करेंगे। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि स्वच्छता को संस्कार बनाने की दिशा में यह मुहिम शुरू की गई है। जिलाधिकारी ने बताया कि इस कार्ययोजना का उद्देश्य कलेक्ट्रेट परिसर सहित जनपद के सभी सरकारी कार्यालयों को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण अनुकूल बनाना है। अभियान का लक्ष्य केवल सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वच्छता को स्थायी संस्कृति के रूप में स्थापित करना भी है।

उन्होंने बताया कि पिछले 15 दिनों में जिन स्थानों पर विशेष सफाई अभियान चलाया गया था, वहां दोबारा गंदगी न फैले इसके लिए फूलों के पौधे लगाए गए हैं। प्रशासन ऐसे स्थानों को चिन्हित कर रहा है जहां कूड़ा या कबाड़ जमा है। इन स्थानों की सफाई के बाद उनका उपयोग इस प्रकार सुनिश्चित किया जाएगा कि भविष्य में वहां गंदगी न हो।

जिलाधिकारी ने कहा कि यह अभियान केवल औपचारिक सफाई तक सीमित नहीं रहेगा। सरकारी भवनों की बुनियादी सुविधाओं और रखरखाव की गहन समीक्षा भी की जा रही है। अवसंरचना और संचालन से जुड़ी छोटी-छोटी कमियों को चिन्हित कर उन्हें तत्काल दुरुस्त कराया जा रहा है।

उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों से अपील की कि वे इस पाक्षिक स्वच्छता अभियान को केवल सरकारी औपचारिकता न मानें, बल्कि इसे नागरिक कर्तव्य के रूप में अपनाएं। उन्होंने कहा कि यदि सभी लोग मिलकर जिम्मेदारी निभाएं, तो पूरा जनपद स्वच्छता की नई मिसाल बन सकता है। इस दौरान अरविंद कुमार द्विवेदी, मोहनलाल गुप्ता सहित कई जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top