• Home
  • फिरोजाबाद
  • सड़क हादसे में सिपाही की मौत, दो युवक गंभीर घायल

सड़क हादसे में सिपाही की मौत, दो युवक गंभीर घायल

फिरोजाबाद। थाना मक्खनपुर क्षेत्र में बीती रात नेशनल हाईवे पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक सिपाही की मौत हो गई, जबकि एक अन्य सिपाही और एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी अस्पताल पहुंच गए और घायलों का हालचाल लिया।

जानकारी के अनुसार सिपाही मोहित की तैनाती थाना सिरसागंज में थी, जबकि रितिक थाना शिकोहाबाद में आरक्षी के पद पर तैनात थे। इनके साथ अवनीश भी बाइक पर सवार था। बताया गया है कि अवनीश के पिता राजीव लखनऊ में दरोगा के पद पर तैनात हैं और पुलिस लाइन आवास में रहते हैं।

तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर कहीं जा रहे थे। इसी दौरान थाना मक्खनपुर क्षेत्र के इदरई गांव के पास नेशनल हाईवे पर किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने सिपाही रितिक को मृत घोषित कर दिया, जबकि मोहित और अवनीश का उपचार जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही एसपी सिटी रविशंकर प्रसाद अस्पताल पहुंचे और घायलों की स्थिति की जानकारी ली। थाना मक्खनपुर प्रभारी चमन शर्मा ने बताया कि अज्ञात वाहन की टक्कर से हादसा हुआ है। पुलिस टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश में जुटी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top