फिरोजाबाद। पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक अंतरराज्यीय चरस तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 13.198 किलोग्राम अवैध चरस बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग तीन करोड़ रुपये बताई जा रही है। यह कार्रवाई एसओजी, सर्विलांस और थाना मक्खनपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने की। एसएसपी आदित्य लांग्हे के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक (क्राइम) राजेश गुनावत एवं क्षेत्राधिकारी शिकोहाबाद के पर्यवेक्षण में यह अभियान चलाया गया। पुलिस टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर बिल्टीगढ़ रोड, मक्खनपुर स्थित कब्रिस्तान के पास से आरोपी को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपी की पहचान विजय पुत्र रामाधार, निवासी ग्राम गोनाहा चौनपुर, थाना रक्सौल, जनपद मोतिहारी, बिहार के रूप में हुई है।
पूछताछ में उसने बताया कि वह नेपाल और बिहार के रास्ते सस्ते दामों में चरस खरीदकर लाता था। वह इसे बैग में छिपाकर फिरोजाबाद और आसपास के क्षेत्रों में चार से पांच गुना अधिक कीमत पर बेचता था, जिससे युवा नशे की गिरफ्त में आ रहे थे। पुलिस ने आरोपी के पास से कुल 13.198 किलोग्राम चरस बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब तीन करोड़ रुपये आंकी गई है। इसके अतिरिक्त उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन और 1,200 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं। थाना मक्खनपुर में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है और इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य साथियों तथा पूरे गिरोह की तलाश में जुटी हुई है। इस दौरान एसओजी प्रभारी प्रेमशंकर पाण्डेय, सर्विलांस प्रभारी मुकेश कुमार, थानाध्यक्ष मक्खनपुर चमन कुमार शर्मा तथा उनकी टीम के मुख्य आरक्षी एवं आरक्षी शामिल रहे।





