श्रीकृष्ण चित्तौड़ी | फिरोजाबाद
भारतीय जनता पार्टी फिरोजाबाद महानगर द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अभद्र भाषा के प्रयोग और उनके परिवार को लेकर कांग्रेस नेताओं द्वारा की गई टिप्पणियों के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया गया। यह विरोध प्रदर्शन जिला अध्यक्ष डॉ. सतीश दिवाकर के मार्गदर्शन में तथा महिला मोर्चा महानगर अध्यक्ष मुन्नी देवी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यालय, मोड़ा चौराहा पर आयोजित किया गया। प्रदर्शन में सैकड़ों महिला कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और कांग्रेस पार्टी के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए भाजपा महानगर अध्यक्ष डॉ. सतीश दिवाकर ने कहा कि कांग्रेस द्वारा प्रधानमंत्री की माताजी को लेकर की गई टिप्पणी न सिर्फ राजनीतिक मर्यादाओं का उल्लंघन है, बल्कि यह भारतीय संस्कृति का भी अपमान है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिन-रात देश की जनता के लिए काम कर रहे हैं और कांग्रेस का यह व्यवहार निंदनीय है।
महिला मोर्चा की अध्यक्ष मुन्नी देवी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी की उपस्थिति में जिस तरह की भाषा का प्रयोग किया गया, वह कांग्रेस की गिरती हुई मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब मुद्दों की राजनीति से भटक चुकी है और व्यक्तिगत हमलों का सहारा ले रही है, जो लोकतंत्र के लिए घातक है।
प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेतृत्व से सार्वजनिक रूप से माफी की मांग की। उनका कहना था कि जब तक कांग्रेस इस पर खेद व्यक्त नहीं करती, भाजपा कार्यकर्ता सड़कों पर अपनी आवाज बुलंद करते रहेंगे।
इस अवसर पर महिला कार्यकर्ताओं के साथ-साथ भाजपा के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे। इनमें डॉ. मधुरिमा गुप्ता, राम लड़ेंती, लकी, के.के. गांधी, अनुपम शर्मा, दुर्गेश यादव, आकृति सहयोगी, सरिका गुप्ता, गुड्डी देवी, सावित्री देवी, मनोरमा, राधेश्याम यादव, शैलेंद्र गुप्ता, शालू, दीपक गुप्ता, कालू, आकाश गुप्ता, योगेंद्र बाबा, देश दीपक गुप्ता, राजा और सतवीर गुर्जर सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।
भाजपा महिला मोर्चा का कांग्रेस के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन
