फिरोजाबाद। संस्कार भारती महानगर द्वारा दीपावली आनंद महोत्सव मेले का आयोजन 25 अक्टूबर को तिलक इंटर कॉलेज के प्रांगण में किया जाएगा। इस दौरान वैष्णवी कला मंच के प्रख्यात कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
कार्यक्रम संयोजक ब्रजेश यादव और डॉ. दिनेश प्रताप सिंह ने बताया कि दीपावली आनंद मेले में भारतीय संस्कृति की बौछार दिखेगी, जिसमें वैष्णवी कला मंच के कलाकार सतयुग से कलयुग की यात्रा, रक्तबीज वध, बाके बिहारी के अनुपम दर्शन, राधा कृष्ण लीला, गोवर्धन लीला, सीता स्वयंवर, परशुराम संवाद और द्रौपदी चीरहरण लीला का मंचन करेंगे।
कवि यशपाल यश के नेतृत्व में हास्य व्यंग्य के कवि राम राहुल, पंकज टूटपड़े सहित स्थानीय कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक व सनातनीय मंचीय प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी।
महानगर अध्यक्ष दयाशंकर गुप्ता ने बताया कि महोत्सव का मुख्य आकर्षण गिर्राज महाराज की विराट झांकी रहेगी। मेले में झूले, स्वदेशी उत्पादों के स्टॉल और विभिन्न प्रकार के खान-पान के स्टॉल भी लगाए जाएंगे। आतिशबाजी भी मेले का विशेष आकर्षण रहेगी।
कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह, दीप प्रज्वलन किशन बंसल, जितेंद्र यादव, उद्योगपति देवीचरन अग्रवाल करेंगे। इस अवसर पर नगर विधायक मनीष असीजा, महापौर कामिनी राठौर, उमाशंकर अग्रवाल, संतोष अग्रवाल, विनोद कुमार जैन, संजय प्रकाश मित्तल, डॉ. मयंक भटनागर, रोहित सिकरवार सहित पूर्व सरकार के राज्यमंत्री विवेक अग्रवाल उपस्थित रहेंगे।
दीपावली आनंद मेला आज, धार्मिक लीलाओं का होगा मंचन





