• Home
  • State
  • आरेडिका में धूमधाम से मनाया गया 79वां स्वतंत्रता दिवस

आरेडिका में धूमधाम से मनाया गया 79वां स्वतंत्रता दिवस

रायबरेली। आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना (आरेडिका) में 79वां स्वतंत्रता दिवस सरस्वती प्रेक्षागृह प्रांगण में पूरे हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि महाप्रबंधक प्रशान्त कुमार मिश्रा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। अपने संबोधन में महाप्रबंधक ने वर्ष 2024-25 तथा 2025-26 की पहली तिमाही में आरेडिका की प्रमुख उपलब्धियों का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि इस वर्ष जून माह में आरेडिका ने 14,000वें कोच का निर्माण कर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। रेलवे बोर्ड द्वारा निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करने की दिशा में आरेडिका तेजी से अग्रसर है। महाप्रबंधक ने बताया कि दीनदयालु और नॉन-एसी स्लीपर कोचों का निर्माण तेजी से जारी है। मेमू के तीन रेक तैयार कर देश को समर्पित किए जा चुके हैं। आरेडिका इस वर्ष अपनी पहली वंदेभारत ट्रेन के निर्माण को भी अंतिम रूप देने जा रहा है, जिसे इसी वर्ष रवाना किया जाएगा। पहली बार आरेडिका को TIMC कोच निर्माण का कार्य सौंपा गया है, जिसका उत्पादन प्रगति पर है और पहला कोच अगस्त 2025 के अंत तक पूरा होने की संभावना है। सौर ऊर्जा के क्षेत्र में भी आरेडिका ने उल्लेखनीय कार्य किया है, जहां 44 लाख यूनिट विद्युत उत्पादन कर लगभग 2.50 करोड़ रुपये की रेलवे राजस्व की बचत की गई है। स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में भी आरेडिका सक्रिय रहा है। हाल ही में लालगंज स्थित अल्ट्रासाउंड केंद्र को कर्मचारियों की सेवा के लिए पैनल में शामिल किया गया है। FWP में वर्ष 2024-25 में 33,515 पहियों का उत्पादन हुआ है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 49% अधिक है। 31 जुलाई तक 20,261 पहियों का निर्माण किया जा चुका है, जो पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में 109% अधिक है। पर्यावरण संरक्षण की दिशा में आरेडिका ने उल्लेखनीय पहल की है। इस वर्ष अब तक 31,000 पौधों का रोपण किया गया है, वहीं 2,25,000 बीजों का बीजारोपण भी किया गया है। 29 रेन वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम और 12 जलाशयों के निर्माण द्वारा 631 मिलियन लीटर भू-जल संरक्षण संभव हुआ है। समारोह में रेलवे सुरक्षा बल की परेड में उत्तर प्रदेश पूर्व सैनिक कल्याण निगम लिमिटेड के कर्मचारी तथा स्काउट और गाइड के बच्चे भी शामिल हुए। रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम में आरेडिका सांस्कृतिक संगठन, ज्ञानदा बाल मंदिर के बच्चों तथा स्काउट और गाइड की ओर से देशभक्ति गीतों और लोकनृत्यों की सुंदर प्रस्तुतियाँ दी गईं। पर्यावरण संरक्षण में विशेष योगदान देने वाले कर्मचारियों को महाप्रबंधक द्वारा सम्मानित भी किया गया। इस अवसर पर आरेडिका महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा भारती मिश्रा, संगठन की सदस्याएं, आरेडिका के अधिकारी, कर्मचारी, यूनियन प्रतिनिधि और उनके परिजन उपस्थित रहे। हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने 13 से 15 अगस्त तक अपने घरों एवं जन सेवा भवनों पर तिरंगा फहराया और भवनों को तिरंगे के रूप में सजाया। इसके अतिरिक्त, आरेडिका आवासीय परिसर स्थित ज्ञानदा बाल मंदिर में महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा श्रीमती भारती मिश्रा ने ध्वजारोहण किया, जहां संगठन की अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top