मथुरा। जनपद में 79वां स्वतंत्रता दिवस परंपरागत सादगी, उल्लास और सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने कलेक्ट्रेट कार्यालय एवं कैंप कार्यालय में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के पश्चात जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। कार्यक्रम की शुरुआत पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर हुई, जहां जिलाधिकारी ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने स्वच्छता वाटिका में स्थापित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर भी माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर नमन किया। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि प्रत्येक अधिकारी व कर्मचारी को अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा और ईमानदारी के साथ करना चाहिए, यही देश के लिए सर्वोच्च सेवा और शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि 79वां स्वतंत्रता दिवस हमारे देश के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग और बलिदान की याद दिलाता है। यह दिन हर भारतीय के लिए गर्व का विषय है और हमें इन महान विभूतियों के योगदान को कभी नहीं भूलना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने भी स्वतंत्रता प्राप्ति के इतिहास और स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान पर अपने विचार साझा किए। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व पंकज कुमार वर्मा, अपर जिलाधिकारी न्यायिक सुरेंद्र कुमार, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमरेश कुमार, नगर मजिस्ट्रेट राकेश कुमार, डिप्टी कलेक्टर नरेंद्र यादव, ऊषा सिंह, राजकुमार चौधरी, चंद्रभूषण, आदेश कुमार, आबकारी अधिकारी उपेंद्र कुमार, सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन धीरेन्द्र प्रताप सहित कलेक्ट्रेट के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने कलेक्ट्रेट में किया ध्वजारोहण
