फिरोजाबाद। स्थानीय निकाय सफाई कर्मचारी संघ एवं उत्तर प्रदेशीय ठेका सफाई कर्मचारी संघ ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर महापौर कामिनी राठौर को चार सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में ग्रीष्मकालीन मौसम को देखते हुए सफाई कर्मचारियों को ठंडी वर्दी उपलब्ध कराने सहित अन्य मांगें उठाई गईं। स्थानीय निकाय सफाई कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष जालिम सिंह वाल्मीकि तथा उत्तर प्रदेशीय ठेका सफाई कर्मचारी संघ के अध्यक्ष आचार्य कृष्ण मुरारी ने महापौर को दिए ज्ञापन में कहा कि सभी सफाई कर्मचारियों को ग्रीष्मकालीन ठंडी वर्दी उपलब्ध कराई जाए। इसके अलावा समस्त ठेका सफाई कर्मचारियों को उच्चतम न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप 24 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन देने संबंधी प्रस्ताव बोर्ड बैठक में पारित कराया जाए।
ज्ञापन में सफाई कर्मचारियों की बस्तियों में वृक्षारोपण कराने तथा महर्षि वाल्मीकि के नाम पर किसी द्वार अथवा चौराहे का निर्माण कराने की मांग भी की गई है। संघ पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि 15 दिनों के भीतर उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। ज्ञापन सौंपने वालों में अशोक मोती वाल्मीकि, योगेश सरन, बबलू गौतम, विनय चौहान, पवन दीप चौहान, सचिन भारती, विशाल कुमार, रोबिन सिंह, राम कुमार सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।





