फिरोजाबाद। थाना दक्षिण पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान 15 हजार रुपये के इनामी और अंतरराज्यीय शातिर चोर आदिल उर्फ कादिर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगने के बाद उसे पुलिस अभिरक्षा में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसके कब्जे से लाखों रुपये मूल्य के चोरी के स्वर्ण आभूषण, एक अवैध तमंचा तथा चोरी की घटनाओं में प्रयुक्त एक छोटा हाथी वाहन बरामद किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांगहे के निर्देशन में वांछित एवं इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना दक्षिण प्रभारी योगेंद्र पाल सिंह को सूचना मिली थी कि चोरी के मामले में वांछित आदिल उर्फ कादिर अपने एक साथी के साथ चोरी का माल बेचने के लिए लालऊ क्षेत्र में आने वाला है। सूचना पर पुलिस टीम ने लालऊ-बिहारीपुर मार्ग पर घेराबंदी कर चेकिंग शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार इसी दौरान दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा किए जाने पर दोनों ने भागने का प्रयास किया और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में आदिल उर्फ कादिर के पैर में गोली लग गई, जबकि उसका साथी मुस्ताक अली निवासी करहल, जनपद मैनपुरी, अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से एक सोने का हार, मोटी गिन्नी वाली सोने की जंजीर, दो सोने की अंगूठियां, दो जोड़ी सोने के टॉप्स, एक अवैध तमंचा 315 बोर, दो कारतूस, दो खोखा कारतूस तथा चोरी की घटनाओं में प्रयुक्त बिना नंबर का छोटा हाथी वाहन बरामद किया गया है।
पुलिस के मुताबिक आदिल उर्फ कादिर के खिलाफ फिरोजाबाद, आगरा, गाजियाबाद और सम्भल सहित विभिन्न जनपदों में चोरी, लूट, जानलेवा हमला, अवैध हथियार रखने और अन्य गंभीर अपराधों के करीब डेढ़ दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। वह थाना दक्षिण में दर्ज एक चोरी के मामले में वांछित चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर 15 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस फरार आरोपी मुस्ताक अली की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।





