मथुरा। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर मथुरा कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुकेश धनगर के नेतृत्व में केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा मनरेगा से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का नाम हटाए जाने के विरोध में जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया गया।
प्रदर्शन के दौरान जिलाध्यक्ष मुकेश धनगर ने कहा कि यह कदम जनता के अधिकारों और महात्मा गांधी की विरासत पर सीधा हमला है। उन्होंने आरोप लगाया कि मनरेगा जैसी ऐतिहासिक योजना, जो करोड़ों गरीबों, मजदूरों और ग्रामीण परिवारों के जीवन का सहारा है, उससे गांधी जी का नाम हटाना सरकार की संकीर्ण और तानाशाही मानसिकता को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि मोदी सरकार सुनियोजित तरीके से महात्मा गांधी के नाम, उनके विचारों और उनकी विरासत को मिटाने का असफल प्रयास कर रही है। लेकिन गांधी केवल एक नाम नहीं, बल्कि एक विचार हैं। गांधी योजनाओं या कागजों में नहीं, बल्कि जनता की चेतना में बसते हैं। उन्हें इतिहास से मिटाया नहीं जा सकता।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि देश ने पहले भी देखा है कि जब-जब गांधी को मिटाने की कोशिश हुई है, तब-तब उनके विचार और अधिक मजबूती से उभरे हैं। यह लड़ाई नाम की नहीं, नीयत की है और देश की जनता इस नीयत को भली-भांति पहचान चुकी है।
प्रदर्शन का संचालन पूर्व महानगर अध्यक्ष विक्रम बाल्मीकि ने किया। इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।





