• Home
  • फिरोजाबाद
  • राष्ट्रीय लोक अदालत में 1.64 लाख से अधिक वादों का निस्तारण

राष्ट्रीय लोक अदालत में 1.64 लाख से अधिक वादों का निस्तारण

फिरोजाबाद। जनपद न्यायालय परिसर में आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में विभिन्न प्रकार के एक लाख 64 हजार 782 वादों का निस्तारण किया गया। इस दौरान अर्थदंड एवं समझौता राशि के रूप में कुल 11 करोड़ 72 लाख 76 हजार 359 रुपये वसूल किए गए।

राष्ट्रीय लोक अदालत का उद्घाटन जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष डॉ. बब्बू सारंग ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत न्याय व्यवस्था को आमजन के अधिक निकट लाने का प्रभावी माध्यम है। इसके जरिए वादों का निस्तारण आपसी सहमति और समझौते के आधार पर सरल, त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण ढंग से किया जाता है। उन्होंने कहा कि न्यायपालिका का उद्देश्य केवल वादों का निस्तारण करना नहीं, बल्कि समाज में शांति, सद्भाव और आपसी समरसता बनाए रखना भी है। लोक अदालतों के माध्यम से पक्षकारों को समय और धन की बचत होने के साथ उनके पारस्परिक संबंध भी सुरक्षित रहते हैं। ऐसे प्रयास न्यायपालिका के प्रति आमजन के विश्वास को और मजबूत करते हैं।

कार्यक्रम का संचालन कर रही सचिव योगेश शिवा ने बताया कि लोक अदालत में पारिवारिक विवाद, बैंक ऋण प्रकरण, मोटर दुर्घटना दावा, विद्युत एवं जल बिल संबंधी मामलों सहित विभिन्न प्रकार के वादों का निस्तारण किया गया। इस अवसर पर प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय अरविंद कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी विशु राजा, एसपी सिटी रविशंकर प्रसाद, जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सहित न्यायिक अधिकारी, अधिवक्तागण एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top