फिरोजाबाद। पुलिस की सर्विलांस टीम ने सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर (सीईआईआर) पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के आधार पर कार्रवाई करते हुए 150 गुम हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस लाइंस सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक राजेश गुनावत ने मोबाइल स्वामियों को उनके फोन लौटाए। लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने पुलिस का आभार व्यक्त किया।
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा देशभर में गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन की शिकायत दर्ज कराने के लिए सीईआईआर पोर्टल संचालित किया जा रहा है। इस पोर्टल पर नागरिक स्वयं अपने गुम मोबाइल की शिकायत दर्ज कर सकते हैं। शिकायतों के आधार पर मुख्यालय स्तर से मोबाइल बरामदगी अभियान चलाया जाता है। इसी क्रम में फिरोजाबाद पुलिस की सर्विलांस टीम ने तकनीकी सहायता के माध्यम से 150 मोबाइल फोन बरामद किए और सत्यापन के बाद उन्हें उनके स्वामियों को वापस सौंप दिया। कार्यक्रम के दौरान सर्विलांस प्रभारी निरीक्षक मुकेश कुमार भी मौजूद रहे।





