• Home
  • फिरोजाबाद
  • विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव ने बाल गृह, बाल कल्याण समिति और वन स्टॉप सेंटर का किया निरीक्षण

विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव ने बाल गृह, बाल कल्याण समिति और वन स्टॉप सेंटर का किया निरीक्षण

फिरोजाबाद। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव योगेश शिवा ने बुधवार को राजकीय बाल गृह (बालक), बाल कल्याण समिति तथा वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बच्चों और महिलाओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। राजकीय बाल गृह (बालक) के निरीक्षण के दौरान सचिव ने बच्चों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन, स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा, स्वच्छता, सुरक्षा तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने बच्चों से संवाद कर उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं और सुझावों की जानकारी भी प्राप्त की।

बाल कल्याण समिति के निरीक्षण के दौरान उन्होंने अभिलेखों की जांच की तथा लंबित प्रकरणों के निस्तारण, बाल संरक्षण से संबंधित कार्यवाहियों और बच्चों के हितों की सुरक्षा के लिए किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा की। उन्होंने समिति के सदस्यों को निर्देश दिए कि सभी मामलों का समयबद्ध और संवेदनशीलता के साथ निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। इसके उपरांत सचिव ने वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण कर महिलाओं एवं बालिकाओं को उपलब्ध कराई जा रही विधिक सहायता और अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि हिंसा से प्रभावित महिलाओं को त्वरित, प्रभावी और संवेदनशील सहायता उपलब्ध कराई जाए, जिससे उन्हें समय पर न्याय और संरक्षण मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top