फिरोजाबाद। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कलैक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला स्तरीय समीक्षा बैठक में सीएम डैशबोर्ड के अंतर्गत संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी एवं विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए स्पष्ट कहा कि जनपद की रैंकिंग में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने खराब प्रदर्शन करने वाले विभागों को कार्यशैली में तत्काल सुधार लाने के निर्देश दिए तथा खराब रैंकिंग वाले तीन ब्लॉकों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के आदेश दिए। बैठक में पंचायती राज विभाग की समीक्षा के दौरान 15वें वित्त आयोग के तहत 90 प्रतिशत तथा 5वें वित्त आयोग के तहत 91.34 प्रतिशत कार्य प्रगति पर पाया गया। इसके बावजूद तीन ब्लॉकों की खराब रैंकिंग पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने जनसेवा केंद्रों पर लोगों से जमा किए गए धन को समय पर सरकारी खाते में हस्तांतरित न किए जाने के मामलों को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं जननी सुरक्षा योजना के अंतर्गत अब तक केवल 52 प्रतिशत भुगतान होने पर नोडल अधिकारी कमल किशोर से स्पष्टीकरण मांगा और शेष भुगतान शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने योजना की दैनिक निगरानी सुनिश्चित करने को कहा। एम्बुलेंस सेवाओं की समीक्षा के दौरान जनपद की 39वीं रैंक तथा 108 एम्बुलेंस सेवा की 22वीं रैंक पर चिंता व्यक्त करते हुए मरीजों तक समय से एम्बुलेंस न पहुंचने की शिकायतों पर सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए।
विद्युत विभाग की 62वीं रैंकिंग पर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को फटकार लगाते हुए लंबित आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने और खराब ट्रांसफार्मरों को तत्काल बदलने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने आवास निर्माण और घर-घर पेयजल जैसी योजनाओं की भी समीक्षा की। बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य तथा अपर जिलाधिकारी को सभी विभागों के साथ समन्वय बनाकर नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए, ताकि प्रदेश स्तर पर जनपद की रैंकिंग में सुधार कर उसे शीर्ष स्थानों पर पहुंचाया जा सके। बैठक में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।





