फिरोजाबाद। कुशवाहा महासभा द्वारा जिला पंचायत रिसोर्स सेंटर, सिविल लाइन दबरई में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रतिभावान विद्यार्थियों को मेडल पहनाकर, प्रमाण-पत्र एवं शिक्षण सामग्री प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सामूहिक योगाभ्यास के साथ हुआ। इसके पश्चात समाज के मेधावी छात्र-छात्राओं को अतिथियों द्वारा मंच पर सम्मानित किया गया। इस दौरान विशिष्ट अतिथि राजेंद्र सिंह राठौड़ ने गुनगुन कुशवाहा, एकता कुशवाहा और अंजली कुशवाहा को साइकिल भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया।
मुख्य अतिथि एवं खैरागढ़ विधायक भगवान सिंह कुशवाहा ने कहा कि बच्चे देश के भविष्य की धरोहर हैं। मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान उन्हें आगे बढ़ने और जीवन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करता है। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार करते हैं। यूटा के प्रदेश अध्यक्ष राजेंद्र सिंह ने छात्र-छात्राओं को निरंतर परिश्रम करने और उच्च लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। प्रो. सलिल कुमार वर्मा ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम के आयोजक प्रेमप्रकाश कुशवाहा ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता राम सिंह कुशवाहा ने की, जबकि संचालन डॉ. प्राजंलि कुशवाहा ने किया।
इस अवसर पर त्रिलोकचंद कुशवाहा, केशव देव कुशवाहा (पार्षद), डॉ. एस.पी. लहरी, डॉ. राधेश्याम कुशवाहा, डॉ. संतोष कुमार, डम्बर सिंह कुशवाहा, रमेश चंद्र शाक्य, अरुण कुमार, कमल किशोर, बंटू कुशवाहा, जितेंद्र, दीपक, डॉ. अशोक, अनार सिंह, मिजाजी लाल, रामू, डॉ. बलवीर, राजकुमार, धर्मेंद्र, उमेश, अजीत, देवेश सहित बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।





