फिरोजाबाद। जनपद में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। पुलिस लाइन प्रांगण में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय सहित प्रशासनिक अधिकारियों, स्कूली बच्चों और स्थानीय नागरिकों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे, मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य तथा भाजपा जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद हजारों लोगों ने एक साथ योगाभ्यास में भाग लिया।
इस अवसर पर उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि शारीरिक, मानसिक, आध्यात्मिक और आत्मिक संतुलन स्थापित करने की कला, ज्ञान और विज्ञान है। उन्होंने कहा कि योग को केवल एक दिन तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि वर्ष के सभी 365 दिनों तक नियमित रूप से अपनाना चाहिए, जिससे तन और मन दोनों स्वस्थ रह सकें।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि वर्ष 2014 में उनके प्रयासों के परिणामस्वरूप योग को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त हुई और आज 21 जून को पूरे विश्व में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है।
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि आधुनिक जीवनशैली में योग की आवश्यकता पहले से अधिक बढ़ गई है। इस वर्ष की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” हमें यह संदेश देती है कि नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति न केवल शारीरिक रूप से फिट रह सकता है, बल्कि बढ़ती उम्र में भी ऊर्जावान और मानसिक रूप से संतुलित जीवन व्यतीत कर सकता है।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. शरद, मास्टर ट्रेनर पी.एस. राणा, प्रशिक्षक अंकित यादव, राजमाला, रमाकांत प्यारेलाल, धर्मेंद्र, दीपा बघेल, डॉ. अमित गुप्ता, विशाल मोहन यादव, सतीश चंद्र प्रजापति, राहुल चौहान, दिग्विजय शर्मा, हरीश धनगर सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।





