• Home
  • फिरोजाबाद
  • हरियाणा से बिहार ले जाई जा रही 11 लाख की शराब पकड़ी, दो तस्कर गिरफ्तार

हरियाणा से बिहार ले जाई जा रही 11 लाख की शराब पकड़ी, दो तस्कर गिरफ्तार

फिरोजाबाद। थाना दक्षिण पुलिस ने अंतरराज्यीय शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 405 लीटर हरियाणा मार्का अंग्रेजी शराब, दो कारें तथा दो तमंचे बरामद किए हैं। जब्त शराब की अनुमानित कीमत लगभग 11 लाख रुपये बताई गई है। एसएसपी आदित्य लांग्हे के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना दक्षिण पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर अलग-अलग स्थानों से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पहली कार्रवाई में पुलिस ने मालगोदाम रोड से आयुष पुत्र पंकज निवासी पैडलेगंज, थाना कैंट, गोरखपुर को पकड़ा। उसके पास से 120 बोतल रॉयल स्टैग व्हिस्की (180 लीटर), एक टोयोटा ग्लैंजा कार तथा 315 बोर का एक तमंचा और कारतूस बरामद किया गया।

पूछताछ में आयुष ने बताया कि वह हरियाणा से शराब लाकर बिहार में ऊंचे दामों पर बेचता था और पहले भी कई बार ऐसी खेप पहुंचा चुका है। दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने कन्हैयानगर स्थित हनुमानगढ़ी मंदिर मोड़ से विशाल पुत्र मदन बहादुर निवासी सराय ख्वाजा, फरीदाबाद (हरियाणा) को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 25 पेटी रॉयल स्टैग अंग्रेजी शराब (225 लीटर), एक निसान मैग्नाइट कार तथा 12 बोर का एक तमंचा और कारतूस बरामद किए गए।

विशाल ने भी पूछताछ में स्वीकार किया कि वह हरियाणा से शराब लाकर बिहार में बेचकर मुनाफा कमाता था। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम और आर्म्स एक्ट के तहत अलग-अलग मुकदमे दर्ज कर उन्हें न्यायालय भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि अंतरराज्यीय शराब तस्करी के इस नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है और इसमें शामिल अन्य लोगों की तलाश जारी है। थाना प्रभारी दक्षिण योगेंद्र पाल सिंह तथा चौकी प्रभारी नालवंद उपनिरीक्षक अर्जुन राठी द्वारा शराब माफियाओं के खिलाफ पूर्व में भी लगातार कार्रवाई की गई है। इस ताजा कार्रवाई के बाद क्षेत्र में सक्रिय शराब तस्करों में हड़कंप मच गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top