रायबरेली। शहीदों की पावन धरा पर स्थित राणा बेनी माधव भगत सिंह पार्क में योग और नशामुक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित पांच दिवसीय योग महोत्सव के दूसरे दिन उत्साहपूर्ण वातावरण देखने को मिला। मातृभूमि सेवा मिशन रायबरेली इकाई द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ सिटी मजिस्ट्रेट राम अवतार ने दीप प्रज्वलित कर किया। योगाभ्यास के उपरांत नशामुक्त भारत अभियान के अंतर्गत उपस्थित योग साधकों एवं नागरिकों को नशा त्यागने का सामूहिक संकल्प दिलाया गया। डॉ. ज्ञानेंद्र चतुर्वेदी ने सभी को नशामुक्ति की शपथ दिलाई, जिसके बाद बड़ी संख्या में लोगों ने नशे से दूर रहने और समाज को जागरूक करने का प्रण लिया।
इस अवसर पर सिटी मजिस्ट्रेट राम अवतार ने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि यह व्यक्ति के विचारों, व्यवहार और जीवनशैली में सकारात्मक परिवर्तन लाने की शक्ति रखता है। उन्होंने कहा कि योग आत्मअनुशासन और संयम सिखाता है, जबकि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज को कमजोर बनाता है। स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए प्रत्येक व्यक्ति को योग अपनाने और नशे से दूरी बनाने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि योग को केवल अंतरराष्ट्रीय योग दिवस तक सीमित न रखकर दैनिक जीवन का हिस्सा बनाया जाना चाहिए, क्योंकि नियमित योग स्वस्थ शरीर के साथ स्वस्थ और सकारात्मक सोच भी प्रदान करता है।
मातृभूमि सेवा मिशन इकाई के संयोजक प्रदीप पांडेय के निर्देशन में आयोजित योग महोत्सव के लिए मुंशीगंज शहीद स्मारक स्थित राणा बेनी माधव बख्श सिंह पार्क को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। सुबह के समय बड़ी संख्या में योग साधकों की सहभागिता, अनुशासित अभ्यास और सकारात्मक माहौल आयोजन की भव्यता को दर्शा रहा है। भारत विकास परिषद के अध्यक्ष उमेश अग्रवाल ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो शरीर, मन और विचारों में संतुलन स्थापित करती है। वर्तमान समय में योग और नशामुक्ति का संदेश समाज के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम की अध्यक्षता मातृभूमि सेवा मिशन इकाई के अध्यक्ष रामराज गिरी ने की, जबकि संचालन मंडल अध्यक्ष भगवत प्रताप सिंह और डॉ. ज्ञानेंद्र चतुर्वेदी ने किया। योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में साधकों ने योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया। साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधारोपण भी किया गया। इस अवसर पर अजय मिश्रा, देवेंद्र मिश्रा, चंपा श्रीवास्तव, राज अग्रहरी, अनूप शर्मा, रोहित, अवधेश सिंह, दिनेश मिश्रा, सुमन देवी, माया देवी, रश्मि पांडेय, सीमा, सृष्टि, आराध्या, शिवांशी, प्रकाश सहित बड़ी संख्या में योग साधक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।





