रायबरेली। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मातृभूमि सेवा मिशन, धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र की रायबरेली इकाई द्वारा 18 से 22 जून तक पांच दिवसीय विश्व योग महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन एम्स के निकट मुंशीगंज स्थित शहीद स्मारक स्थल, सालई नदी के तट पर अवस्थित राणा बेनी माधव बख्श सिंह पार्क में होगा। महोत्सव के संयोजक प्रदीप पाण्डेय ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ 18 जून को प्रातः 5:30 बजे जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका मुख्य अतिथि के रूप में करेंगी। वहीं, एम्स की निदेशक प्रो. डॉ. अमिता जैन विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहकर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाएंगी। महोत्सव में वरिष्ठ वक्ता के रूप में अध्यात्म गुरु एवं कथावाचक डॉ. श्रीगोपाल शरण महाराज भी मौजूद रहेंगे। उन्होंने बताया कि मातृभूमि सेवा मिशन पिछले पांच वर्षों से इसी परिसर में प्रतिदिन प्रातः निःशुल्क योग शिविर का संचालन कर रहा है। संस्था योग के माध्यम से स्वास्थ्य जागरूकता फैलाने के साथ-साथ सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सेवा संबंधी विभिन्न गतिविधियों का भी संचालन करती रही है।
इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को विशेष स्वरूप देते हुए पांच दिवसीय विश्व योग महोत्सव आयोजित किया जा रहा है। महोत्सव का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को योग से जोड़ना, स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा जनसहभागिता के माध्यम से स्वस्थ और सकारात्मक समाज निर्माण का संदेश देना है। संयोजक ने बताया कि आयोजन की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं तथा नागरिकों से अधिकाधिक संख्या में सहभागिता करने की अपील की गई है।





