फिरोजाबाद। रिजर्व पुलिस लाइंस में मंगलवार को 18वीं अंतर्जनपदीय पुलिस जूडो क्लस्टर प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। यह प्रतियोगिता 16 से 18 जून तक आयोजित की जा रही है, जिसमें आगरा जोन के विभिन्न जनपदों के पुलिस खिलाड़ी पदकों के लिए अपनी प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता का उद्घाटन पुलिस उपमहानिरीक्षक आगरा रेंज आगरा शैलेश कुमार पांडेय, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे तथा अपर पुलिस अधीक्षक राजेश गुनावत ने फीता काटकर किया। प्रतियोगिता में जूडो, वूशु, ताइक्वांडो, कराटे एवं पेंचक सिलाट सहित विभिन्न मार्शल आर्ट्स की स्पर्धाएं आयोजित की जा रही हैं।
इस अवसर पर डीआईजी शैलेश कुमार पांडेय ने खिलाड़ियों एवं निर्णायकों से परिचय प्राप्त किया और उनका उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक क्षमता को बढ़ाते हैं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना का भी विकास करते हैं। उद्घाटन समारोह के दौरान सभी खिलाड़ियों ने खेल भावना, अनुशासन और निष्पक्षता के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की शपथ ग्रहण की। समारोह में पुलिस विभाग के अधिकारी, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।










