फिरोजाबाद। शहर के छारबाग स्थित स्वर्गआश्रम में निःशुल्क विद्युत शवदाह गृह का हवन-पूजन के साथ लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उद्योगपतियों, चिकित्सकों, शिक्षाविदों एवं नगर के गणमान्य लोगों ने सहभागिता की। सदर विधायक मनीष असीजा के प्रयासों से स्थापित इस विद्युत शवदाह गृह के लिए विधायक निधि से 25 लाख रुपये की लागत से 250 केवीए जनरेटर सेट उपलब्ध कराया गया, जबकि सरकार द्वारा 33 लाख रुपये की लागत से विद्युत कनेक्शन एवं ट्रांसफार्मर की व्यवस्था कराई गई।
लोकार्पण अवसर पर विधायक मनीष असीजा ने कहा कि विद्युत शवदाह गृह के शुरू होने से बरसात के मौसम में गीली लकड़ियों की समस्या से राहत मिलेगी। साथ ही गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को अंत्येष्टि में होने वाले अतिरिक्त खर्च से भी मुक्ति मिलेगी। उन्होंने कहा कि कम समय में अंत्येष्टि की प्रक्रिया पूरी होने से लोगों के समय की भी बचत होगी। उन्होंने बताया कि इस परियोजना की नींव सांसद अनिल जैन द्वारा रखी गई थी, लेकिन कुछ तकनीकी और व्यवस्थागत कमियों के कारण यह सुचारू रूप से संचालित नहीं हो पा रही थी। अब सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण कर इसे जनसेवा के लिए शुरू कर दिया गया है।
कार्यक्रम में भाजपा महानगर अध्यक्ष सतीश दिवाकर, उद्योगपति देवीचरन अग्रवाल, पी.के. जिंदल, टोनी बंसल, डॉ. गौरव अग्रवाल, डॉ. पूनम अग्रवाल, आलिंद अग्रवाल, भगवानदास शंखवार, प्रमोद बघेल, श्याम सिंह यादव, सत्यवीर गुप्ता, उपसभापति केशवदेव कुशवाह, किशोर अग्रवाल बंटी, देशदीपक गुप्ता सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।





