फिरोजाबाद। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर लक्ष्मी हॉस्पीटल एवं नौजवान सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें 50 से अधिक रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। शिविर का शुभारंभ सदर विधायक मनीष असीजा ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि रक्तदान महादान है और एक यूनिट रक्त कई जरूरतमंद मरीजों का जीवन बचाने में सहायक हो सकता है।
लक्ष्मी हॉस्पीटल के निदेशक रोहित सिकरवार ने स्वयं रक्तदान कर लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि प्रत्येक वर्ष 14 जून को विश्व रक्तदाता दिवस मनाया जाता है और इसी क्रम में अस्पताल में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और 50 से अधिक यूनिट रक्त एकत्र किया गया। रोहित सिकरवार ने कहा कि एक यूनिट रक्त से तीन से चार लोगों की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने सभी स्वस्थ नागरिकों से आगे आकर नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील की। शिविर में रक्तदाताओं को संस्था की ओर से प्रमाण-पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में समाजसेवी, चिकित्सक, अस्पताल स्टाफ सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।





