• Home
  • फिरोजाबाद
  • प्राइवेट ट्रॉमा सेंटर एवं जिला अस्पताल में रक्तदान शिविर, 42 लोगों ने किया रक्तदान

प्राइवेट ट्रॉमा सेंटर एवं जिला अस्पताल में रक्तदान शिविर, 42 लोगों ने किया रक्तदान

फिरोजाबाद। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर एस.ए. ब्लड डोनेशन क्लब/निफा, इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी तथा जीवन रक्षा हेल्प फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में सेवार्थ संस्थान ट्रॉमा सेंटर ब्लड बैंक एवं जिला अस्पताल ब्लड बैंक में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य रक्तदान को बढ़ावा देना और जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराकर उनकी जान बचाना रहा। साथ ही जनपद में रक्त की कमी को दूर करने का भी लक्ष्य रखा गया।

एस.ए. ब्लड डोनेशन क्लब के अध्यक्ष डॉ. अमित गुप्ता ने बताया कि वे पिछले 15 वर्षों से निःस्वार्थ मानव सेवा भावना के साथ रक्तदान अभियान से जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि क्लब के सदस्य नियमित रूप से असहाय, जरूरतमंद मरीजों, ब्लड कैंसर, डायलिसिस, एनीमिया, दुर्घटनाग्रस्त मरीजों एवं गर्भवती महिलाओं के लिए रक्त उपलब्ध कराने का कार्य करते हैं, ताकि किसी भी मरीज की रक्त के अभाव में जान न जाए।

शिविर के दौरान सेवार्थ संस्थान ट्रॉमा सेंटर ब्लड बैंक में 35 यूनिट और जिला अस्पताल में 7 यूनिट रक्तदान किया गया, इस प्रकार कुल 42 लोगों ने रक्तदान किया। सेवार्थ संस्थान ट्रॉमा सेंटर के अध्यक्ष पी.के. जिंदल एवं मोहन जिंदल ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर ब्लड प्रभारी डॉ. अस्मिता, पंकज सारस्वत, महेंद्र द्विवेदी, सत्यम अग्रवाल, कन्हैया वार्ष्णेय, सतीश चंद्र प्रजापति, सुनील वर्मा, खुशी गुप्ता सहित कई लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top