फिरोजाबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सदर ब्लॉक में जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद कर उनके अनुभव सुने और योजनाओं के प्रभाव पर चर्चा की। कार्यक्रम का शुभारंभ सदर विधायक मनीष असीजा ने किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए करोड़ों लोगों तक विभिन्न योजनाओं का लाभ पहुंचाया है। उन्होंने बताया कि 81 करोड़ से अधिक लोगों को प्रतिमाह मुफ्त राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना और स्वच्छ भारत मिशन के तहत करोड़ों परिवारों को लाभ मिला है।
विधायक ने नारी सशक्तीकरण को सरकार की प्रमुख उपलब्धियों में शामिल बताते हुए कहा कि करोड़ों महिलाओं के जन-धन खाते खोले गए हैं तथा महिलाओं को सेना में स्थायी कमीशन का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों और लखपति दीदी योजना के माध्यम से महिलाओं की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ हुई है। महापौर कामिनी राठौर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में हुए विकास कार्यों, सुशासन की स्थापना और गरीब कल्याण के लिए संचालित योजनाओं की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। भाजपा जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह ने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों को अधिक से अधिक लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रयास करना चाहिए।
ब्लॉक प्रमुख डॉ. लक्ष्मी नारायण यादव ने कहा कि सरकार ने ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ युवाओं, महिलाओं, किसानों और गरीबों के सशक्तीकरण के लिए निरंतर कार्य किया है, जिसके परिणामस्वरूप भारत ने वैश्विक स्तर पर नई पहचान बनाई है। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनहितकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया। कार्यक्रम का संचालन महानगर कोषाध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक दीपक गुप्ता कालू ने किया। इस अवसर पर सुनील शर्मा, आनंद अग्रवाल, देवेश भारद्वाज, विवेक अग्रवाल, योगेंद्र बाबा, आकाश गुप्ता, डॉ. दुर्गेश यादव, अनुपम शर्मा, उदय प्रताप, देश दीपक राजा, प्राचीर गुप्ता सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।





