फिरोजाबाद। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में 15 से 21 जून तक मनाए जाने वाले योग सप्ताह का शुभारंभ रविवार को अटल पार्क में किया गया। आयुष विभाग, उत्तर प्रदेश शासन द्वारा निर्धारित थीम “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” के अंतर्गत आयोजित इस सप्ताहव्यापी कार्यक्रम का समापन 21 जून को पुलिस लाइन दबरई में होगा। प्रातःकाल आयोजित योग शिविर में आयुष विभाग के अधिकारी, योग प्रशिक्षक तथा बड़ी संख्या में योग साधक-साधिकाएं शामिल हुईं। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सदर विधायक मनीष असीजा, विशिष्ट अतिथि गौसेवा आयोग के सदस्य रमाकांत उपाध्याय तथा मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य ने भगवान धन्वंतरि के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
योगाचार्य डॉ. पी.एस. राणा ने उपस्थित लोगों को ताड़ासन, वृक्षासन, पादहस्तासन, त्रिकोणासन सहित कपालभाति, अनुलोम-विलोम और भ्रामरी प्राणायाम का अभ्यास कराया। कार्यक्रम का समापन ओम ध्वनि के साथ हुआ। इस अवसर पर सदर विधायक मनीष असीजा ने कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन के लिए योग आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुरुआत कर भारतीय योग परंपरा को वैश्विक पहचान दिलाई गई है, जिससे विश्व में भारत की सांस्कृतिक विरासत और गौरव का संदेश पहुंचा है।
गौसेवा आयोग के सदस्य रमाकांत उपाध्याय ने गौ आधारित प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल देते हुए योग के महत्व को रेखांकित किया। वहीं मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य ने कहा कि योग को केवल एक सप्ताह तक सीमित न रखकर दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। प्रधानाचार्य एवं योग शिक्षक भगवानदास शंखवार ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि योग शरीर, मन, बुद्धि और आत्मा के समन्वय का माध्यम है, जो व्यक्ति को आत्मिक उन्नति की ओर अग्रसर करता है।
कार्यक्रम में जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. शरद वर्मा, एस.एन. हॉस्पिटल के सीएमएस डॉ. नवीन जैन, डॉ. एम.पी. सिंह, डॉ. केशव शर्मा, योग प्रशिक्षक धर्मेंद्र वर्मा, वीरेश यादव, अवधेश राठौर, मानिक चंद्र यादव, हेमलता कुशवाह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।





