फिरोजाबाद। जिला सॉफ्टबॉल क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा स्वर्गीय बनारसी दास शर्मा एवं स्वर्गीय कांति देवी शर्मा की स्मृति में आयोजित फीचर स्टार क्रिकेट लीग का फाइनल मुकाबला रोमांचक अंदाज में संपन्न हुआ। फाइनल में फिरोजाबाद फाइटर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए डी टीम को हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। एस.आर.के. कॉलेज ग्राउंड पर खेले गए फाइनल मुकाबले में फिरोजाबाद फाइटर के कप्तान किशु ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। बल्लेबाजी करने उतरी डी टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और पूरी टीम 63 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।
64 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी फिरोजाबाद फाइटर की टीम ने 10 ओवर के भीतर ही सात विकेट से जीत दर्ज कर ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया। टीम की ओर से अभिषेक ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए चार छक्कों की मदद से नाबाद 46 रन बनाए और जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मैच के समापन के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि उमेश शर्मा ने विजेता टीम फिरोजाबाद फाइटर के कप्तान किशु को ट्रॉफी प्रदान की। वहीं उपविजेता डी टीम के कप्तान ईरान को रनरअप ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर विकास लहरी, देवेंद्र बघेल, पालू गुप्ता, जिला सॉफ्टबॉल क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव अनिल लहरी, विपिन बघेल, सुमित देव सहित खेल प्रेमी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।





