फिरोजाबाद। ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा की गुणवत्ता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। सोमवार को पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने करहरा में 24.74 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले अत्याधुनिक मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया। विद्यालय का निर्माण उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद, आगरा द्वारा कराया जाएगा।
इस अवसर पर पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि करहरा में बनने वाला मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय जनपद के शैक्षिक एवं सामाजिक विकास में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में तेजी से प्रगति कर रहा है। सरकार का लक्ष्य ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को भी शहरी क्षेत्रों की तरह आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है।
उन्होंने बताया कि लगभग 24.74 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह विद्यालय ग्रामीण बच्चों को कॉन्वेंट स्कूलों के समान आधुनिक सुविधाएं और उच्च स्तरीय शिक्षा प्रदान करेगा। विद्यालय परिसर में 30 स्मार्ट एवं विशाल कक्षाओं का निर्माण किया जाएगा, जिनमें प्रत्येक कक्षा में लगभग 50 विद्यार्थियों के अध्ययन की व्यवस्था होगी। इससे कुल 1500 छात्र-छात्राएं लाभान्वित होंगे। विद्यालय में आधुनिक शिक्षण संसाधनों के साथ सभी आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को सहायता सामग्री, चेक, प्रमाण पत्र एवं टूलकिट वितरित की गईं। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के अंतर्गत रजनी एवं अजहान बेग को पांच-पांच लाख रुपये के चेक प्रदान किए गए। ओडीओपी योजना के तहत लाभार्थियों को टूलकिट वितरित की गईं। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत स्वयं सहायता समूह की लक्ष्मी देवी, मीना देवी, सुनीता यादव, वेबी यादव सहित अन्य महिलाओं को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत जसवंत सिंह एवं ममता को आवास की चाबियां सौंपी गईं। वहीं मनरेगा योजना के अंतर्गत 100 दिवस का रोजगार पूर्ण करने वाले वेद, प्रेमपाल और मुन्नी देवी को सम्मान स्वरूप प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, नगर पालिका परिषद सिरसागंज की अध्यक्ष रंजना सिंह, ब्लॉक प्रमुख कमलेश राजपूत, जिला पंचायत सदस्य राजीव राजपूत, जिला महामंत्री अजीत राजपूत, जिला उपाध्यक्ष राजीव यादव, राघवेंद्र सिंह, मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य, पीडी डीआरडीए सुभाष चंद्र त्रिपाठी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी रामबदन राम, बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार, एई आवास विकास वैभव सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, ग्रामीणजन एवं लाभार्थी उपस्थित रहे।





