• Home
  • फिरोजाबाद
  • व्यापार मंडल ने अधिकारियों, व्यापारियों और जनप्रतिनिधियों को किया सम्मानित

व्यापार मंडल ने अधिकारियों, व्यापारियों और जनप्रतिनिधियों को किया सम्मानित

फिरोजाबाद। फिरोजाबाद व्यापार मंडल द्वारा आर.के. कॉलेज में व्यापारी गोष्ठी एवं संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों को सम्मानित किया गया। इस दौरान व्यापारियों की समस्याओं, संगठन की भूमिका और व्यापारी हितों से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सदर विधायक मनीष असीजा ने कहा कि यदि कोई संगठन वास्तविक रूप से व्यापारियों के हितों की लड़ाई लड़ रहा है, तो वह फिरोजाबाद व्यापार मंडल है। उन्होंने कहा कि वह स्वयं भी इस संगठन में महामंत्री के पद पर कार्य कर चुके हैं। उन्होंने संगठन द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए शुभकामनाएं दीं।

महानगर अध्यक्ष डॉ. सुनील अग्रवाल ने कहा कि संगठन की वर्षों पुरानी परंपरा ‘व्यापारी गोष्ठी’ को पुनः प्रारंभ किया गया है, जो लंबे समय से बंद थी। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य व्यापारियों को एक मंच पर लाकर उनका सम्मान करना और आपसी संवाद को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों, वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं व्यापारियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर तथा साफा पहनाकर सम्मानित किया गया। जिलाध्यक्ष रविंद्र लाल तिवारी ने कार्यक्रम के सफल आयोजन पर सभी व्यापारियों को शुभकामनाएं दीं और संगठन की एकजुटता को उसकी सबसे बड़ी ताकत बताया।

संगोष्ठी की अध्यक्षता प्रांतीय संरक्षक मदनलाल वर्मा ने की, जबकि संचालन रामबाबू झा ने किया। कार्यक्रम में प्रांतीय उपाध्यक्ष कैलाश उपाध्याय, उद्योगपति प्रदीप कुमार गुप्ता, देवीचरण अग्रवाल, सीओ सिटी संतोष कुमार, अग्निशमन अधिकारी सत्येंद्र कुमार पांडेय, दुर्गेश त्यागी, आरटीओ गौरीशंकर, थाना लाइनपार प्रभारी रमित कुमार आर्य, कौशल किशोर उपाध्याय, संजय गुप्ता, प्रदीप कौशिक, राजेश अग्रवाल, विजय भंबानी, पार्षद श्याम सिंह यादव, पवन दीक्षित सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top