• Home
  • रायबरेली
  • व्यापारियों और उद्यमियों की समस्याओं के समाधान को प्रशासन प्रतिबद्ध: अदिति सिंह

व्यापारियों और उद्यमियों की समस्याओं के समाधान को प्रशासन प्रतिबद्ध: अदिति सिंह

रायबरेली। विकास भवन स्थित महात्मा गांधी सभागार में सोमवार को व्यापारियों एवं उद्यमियों के साथ संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सदर विधायक अदिति सिंह एवं मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता की उपस्थिति में जनपद के व्यापारियों और उद्यमियों ने अपनी समस्याएं, सुझाव एवं आवश्यकताएं प्रशासन के समक्ष रखीं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक अदिति सिंह ने कहा कि व्यापार और उद्योग किसी भी जनपद की आर्थिक रीढ़ होते हैं तथा इनके सशक्त होने से ही क्षेत्र का समग्र विकास संभव है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार व्यापारियों एवं उद्यमियों के हितों के संरक्षण तथा उनके व्यवसाय को सरल, सुरक्षित और लाभकारी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार द्वारा व्यापारिक वातावरण को अधिक अनुकूल बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण नीतिगत सुधार किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि ऐसे संवाद कार्यक्रम व्यापारियों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का माध्यम हैं, जहां व्यापारी अपनी समस्याएं सीधे रख सकते हैं और उनके समाधान की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा सकते हैं। विधायक ने आश्वासन दिया कि प्राप्त सुझावों और शिकायतों का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित कराया जाएगा। अदिति सिंह ने उद्यमियों को सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि स्वरोजगार और उद्योग स्थापना के माध्यम से जनपद में रोजगार के नए अवसर सृजित किए जा सकते हैं। उन्होंने जनपद के औद्योगिक विकास के लिए हरसंभव सहयोग देने का भरोसा भी दिलाया। मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता ने विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि सरकार स्वरोजगार, उद्योग स्थापना और विस्तार के लिए अनेक लाभकारी योजनाएं संचालित कर रही है। उन्होंने अधिकारियों को व्यापारियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

संवाद कार्यक्रम के दौरान उद्यमियों ने आधारभूत सुविधाओं के विकास, वित्तीय सहायता, लाइसेंसिंग प्रक्रियाओं के सरलीकरण तथा स्थानीय स्तर पर औद्योगिक वातावरण को मजबूत बनाने से संबंधित सुझाव प्रस्तुत किए। संबंधित विभागीय अधिकारियों ने समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में डॉ. शिखा गुप्ता, परमहंस मौर्या सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधि, उद्यमी और व्यापारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top