• Home
  • रायबरेली
  • लाठीचार्ज और तानाशाही से संविधान खत्म करने की साजिश: अतुल सिंह

लाठीचार्ज और तानाशाही से संविधान खत्म करने की साजिश: अतुल सिंह

ऊंचाहार, रायबरेली: जन सामना संवाददाता। कांग्रेस प्रदेश सचिव एवं पूर्व प्रत्याशी अतुल सिंह ने विधानसभा क्षेत्र ऊंचाहार के नवाबगंज, मैनहा, झाम का पुरवा, जोधा पुरवा, शंकरपुर, सूबेदार का पुरवा सहित विभिन्न गांवों में चौपाल एवं जनसंपर्क कर लोगों की समस्याएं सुनीं तथा पौधरोपण किया।
इस दौरान श्री सिंह ने जमोड़ी गांव निवासी शिव प्रसाद रावत की पुत्री प्रतिमा रावत के उत्तर प्रदेश पुलिस में सब-इंस्पेक्टर पद पर चयनित होने पर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रतिमा की सफलता से उनके परिवार के साथ-साथ गांव और पूरे क्षेत्र का नाम भी रोशन हुआ है।
अतुल सिंह ने कहा कि देश के वर्तमान हालात ऐसे प्रतीत होते हैं मानो अंग्रेजों का दौर लौट आया हो। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली में छात्र-छात्राओं पर हुए लाठीचार्ज से सरकार की कार्यशैली स्पष्ट होती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी नीट पेपर लीक प्रकरण और छात्रों पर हुए लाठीचार्ज को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं, लेकिन सरकार लोकतांत्रिक आवाजों को दबाने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा प्रदत्त संविधान की मूल भावना को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही कहा कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के साथ दिल्ली पुलिस के व्यवहार की पूरे देश में आलोचना हो रही है। उनका कहना था कि यदि नेता प्रतिपक्ष के साथ ऐसा व्यवहार हो सकता है, तो आम जनता की स्थिति का सहज अनुमान लगाया जा सकता है।
उन्होंने ऊंचाहार क्षेत्र की समस्याओं का उल्लेख करते हुए कहा कि धान की रोपाई का समय होने के बावजूद नहरों में पर्याप्त पानी नहीं है, किसानों को खाद उपलब्ध नहीं हो रही है और आवारा पशुओं से लोग परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि गांवों की टूटी सड़कें और बजबजाती नालियां क्षेत्र के विकास की वास्तविक तस्वीर प्रस्तुत करती हैं तथा जनप्रतिनिधि जनहित की समस्याओं की उपेक्षा कर रहे हैं।
अतुल सिंह ने कहा कि ऊंचाहार उनका परिवार है और वे क्षेत्र की जनता के सुख-दुख में हमेशा साथ खड़े रहेंगे।
इस अवसर पर जिला सचिव शैलेंद्र सिंह, रामदत्त पांडे, छत्रपाल यादव, राज मोहन सिंह, कप्तान सिंह, ओम प्रकाश मौर्य, गोलू अग्रहरि, सतीश सिंह, रामकेश प्रजापति, दिनेश मौर्य, राजकुमार गौतम, कपिल यादव, कमल सिंह, रवि सिंह, प्रमोद सिंह, अनुराग गुप्ता, देवेंद्र सिंह, आकाश सरोज, राम आसरे पटेल, मोहम्मद इस्लाम, कृष्णा पांडे, अनिल यादव, डॉ. कुलदीप, राम बहादुर, दिनेश गौतम, शिवराज सरोज, वीरेंद्र यादव, आशु सरोज, रविंद्र गौतम, राम नरेश विश्वकर्मा, विनय मौर्य, निर्भय गौतम सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top