रायबरेली। नई दिल्ली के भारत मंडपम में 22 से 24 जुलाई तक आयोजित 7वें रेल एवं मेट्रो टेक्नोलॉजी कॉन्क्लेव एवं एक्सपो-2026 में आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना (एमसीएफ), रायबरेली ने सक्रिय सहभागिता करते हुए अपनी अत्याधुनिक कोच निर्माण क्षमता एवं तकनीकी उत्कृष्टता का प्रदर्शन किया। तीन दिवसीय इस प्रतिष्ठित आयोजन में रेल एवं मेट्रो क्षेत्र से जुड़े प्रमुख उद्योगों, नीति-निर्माताओं, विशेषज्ञों, प्रौद्योगिकी प्रदाताओं तथा व्यावसायिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया। एमसीएफ के स्टॉल पर लघु कोच मॉडल, ट्रांसलाइट्स, प्रचार-प्रसार सामग्री तथा ऑडियो-वीडियो प्रस्तुतियों के माध्यम से कारखाने की उपलब्धियों, आधुनिक विनिर्माण तकनीकों तथा भारतीय रेल के आधुनिकीकरण में उसके महत्वपूर्ण योगदान को प्रदर्शित किया गया।
स्टॉल संख्या M-136A स्थित एमसीएफ पवेलियन प्रदर्शनी के दौरान आगंतुकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा। बड़ी संख्या में उद्योग प्रतिनिधियों, रेलवे अधिकारियों, विशेषज्ञों एवं अन्य आगंतुकों ने पवेलियन का भ्रमण कर एमसीएफ की विश्वस्तरीय कोच निर्माण सुविधाओं, उन्नत तकनीकों, उच्च गुणवत्ता मानकों तथा आधुनिक यात्री कोच निर्माण में निभाई जा रही भूमिका की सराहना की। प्रदर्शनी में सहभागिता के माध्यम से एमसीएफ ने उद्योग जगत के साथ सहयोग को सुदृढ़ करने, नवीन प्रौद्योगिकियों को प्रोत्साहित करने तथा आत्मनिर्भर भारत और भारतीय रेल के आधुनिकीकरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को प्रदर्शित किया। इस अवसर पर आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना (आरेडिका) ने उद्योग जगत की विभिन्न लघु एवं मध्यम इकाइयों तथा संगठनों को आईआरईपीएस (IREPS) में पंजीकरण के प्रति भी जागरूक किया। प्रदर्शनी 22 से 24 जुलाई, 2026 तक आयोजित की गई। एमसीएफ ने सभी आगंतुकों से स्टॉल संख्या M-136A पर पहुंचकर उसकी तकनीकी उपलब्धियों एवं नवाचारों का अवलोकन करने का आग्रह किया। यह जानकारी आरेडिका के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डी. के. सक्सेना ने दी।










