रायबरेली, जन सामना ब्यूरो। कुछ दिनों पूर्व जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका द्वारा क्षय रोगियों के लिए पोषण सहायता अभियान का शुभारंभ किया गया था। उसी क्रम में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. नवीन चंद्रा के निर्देशन में बिरला कॉरपोरेशन लिमिटेड, यूनिट रायबरेली के सहयोग तथा विश्वास संस्थान, रायबरेली द्वारा संचालित इंटीग्रेटेड कम्युनिटी डेवलपमेंट प्रोग्राम के अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमावा में 101 चिन्हित क्षय रोगियों में से प्रथम चरण में 65 रोगियों को पोषण पोटली वितरित की गई। शेष 36 रोगियों को दूसरे चरण में पोषण पोटली उपलब्ध कराई जाएगी।
कार्यक्रम से पूर्व बिरला कॉरपोरेशन लिमिटेड एवं विश्वास संस्थान के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता से शिष्टाचार भेंट कर अभियान की रूपरेखा से अवगत कराया। मुख्य विकास अधिकारी ने इस जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए अभियान की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता ने कहा, टीबी मुक्त भारत अभियान को सफल बनाने में शासन, स्वास्थ्य विभाग, सामाजिक संस्थाओं एवं कॉर्पाेरेट संस्थानों की सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है। बिरला कॉरपोरेशन लिमिटेड एवं विश्वास संस्थान द्वारा किया जा रहा यह कार्य समाज के लिए प्रेरणादायी है तथा इससे क्षय रोगियों को उपचार के साथ आवश्यक पोषण भी उपलब्ध हो रहा है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. अनुपम सिंह ने पोषण पोटली वितरित करते हुए कहा, टीबी पूरी तरह से उपचार योग्य बीमारी है। यदि मरीज नियमित रूप से दवाइयों का सेवन करें तथा पौष्टिक आहार लें तो वे पूर्णतः स्वस्थ हो सकते हैं। सभी मरीज उपचार बीच में न छोड़ें और अपने आसपास के लोगों को भी टीबी के लक्षणों के प्रति जागरूक करें।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमावा के अधीक्षक डॉ. रोहित कटियार ने कहा कि सरकारी विभागों, सामाजिक संस्थाओं एवं औद्योगिक प्रतिष्ठानों की साझेदारी से जनस्वास्थ्य से जुड़े अभियान और अधिक प्रभावी बनते हैं।
बिरला कॉरपोरेशन लिमिटेड, यूनिट रायबरेली के प्रतिनिधि शिव गोविंद सिंह ने कहा, कॉर्पाेरेट सामाजिक दायित्व के अंतर्गत हमारी संस्था स्वास्थ्य, शिक्षा एवं सामुदायिक विकास के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है। क्षय रोगियों को पोषण सहायता उपलब्ध कराने का यह अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा।
विश्वास संस्थान के परियोजना अधिकारी प्रशांत शुक्ला ने कहा, हमारा प्रयास है कि प्रत्येक चिन्हित क्षय रोगी तक पोषण सहायता पहुंचे और उनके उपचार को अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
उत्तर प्रदेश क्षय रोग वरिष्ठ उपचार पर्यवेक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष करुणाशंकर मिश्रा ने सभी अतिथियों का स्वागत एवं आभार व्यक्त करते हुए कहा कि टीबी मुक्त भारत अभियान को सफल बनाने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी आवश्यक है। बिरला कॉरपोरेशन एवं विश्वास संस्थान का सहयोग इस अभियान को नई मजबूती प्रदान करेगा। प्रथम चरण के बाद शेष चिन्हित रोगियों को भी दूसरे चरण में पोषण पोटली उपलब्ध कराई जाएगी।
इस अवसर पर डॉ. अभिजीत सिंह ने जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. अनुपम सिंह का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम में अपूर्व मिश्रा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी, विश्वास संस्थान के परियोजना अधिकारी प्रशांत शुक्ला, सहायक अनिल प्रजापति, अजय कुमार, कप्तान सिंह, बीसीपीएम चंद्र किशोर यादव, दिव्यांशु वर्मा, मनोज सिंह, प्रमिला वर्मा, उत्तम, खुर्शीद आलम, वैभव, रामबली, 65 क्षय रोगी तथा अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
क्षय रोगियों को वितरित की गई पोषण पोटली
Releated Posts










