रायबरेली। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के प्रधानाचार्य विवेक कुमार तिवारी ने बताया कि अधिशासी निदेशक, राज्य व्यावसायिक प्रशिक्षण परिषद, अलीगंज (लखनऊ) के निर्देशानुसार जनपद के पांच राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों, दो पी.पी.पी. संस्थानों तथा 13 निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 11 जुलाई 2026 से प्रारंभ हो चुकी है। उन्होंने बताया कि प्रवेश हेतु ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 4 अगस्त 2026 रात्रि 12 बजे तक निर्धारित की गई है। प्रवेश लेने के इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित समयावधि के भीतर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि सामान्य एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 300 रुपये, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के अभ्यर्थियों के लिए 250 रुपये तथा सभी वर्गों की महिला अभ्यर्थियों के लिए 100 रुपये निर्धारित किया गया है। अधिक जानकारी के लिए इच्छुक अभ्यर्थी किसी भी कार्यदिवस में नोडल प्रधानाचार्य, राजकीय आईटीआई, गोरा बाजार, रायबरेली से संपर्क कर सकते हैं।










