रायबरेली: जन सामना ब्यूरो। जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद के नगरीय क्षेत्रों के सुनियोजित एवं समग्र विकास के उद्देश्य से नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अध्यक्षों के साथ समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में नगर निकायों में संचालित विकास कार्यों, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार तथा शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि नगरों का सुव्यवस्थित विकास तभी संभव है, जब सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और विकास परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करें। उन्होंने निर्देश दिए कि शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं के लिए आवश्यक भूमि समय रहते उपलब्ध कराई जाए, ताकि परियोजनाओं के क्रियान्वयन में विलंब न हो।
उन्होंने नगरीय क्षेत्रों में स्वच्छता एवं जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए पशुओं के शवों के सुरक्षित निस्तारण के लिए उपयुक्त भूमि का शीघ्र चिन्हांकन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के साथ नागरिकों को भी सुविधा मिलेगी।
बैठक में जर्जर एवं पुराने विद्युत तारों को चरणबद्ध तरीके से बदलने, सड़कों पर पर्याप्त एवं गुणवत्तापूर्ण प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा विद्युत सुरक्षा को प्राथमिकता देने पर भी जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को नागरिकों की सुरक्षा और सुविधा के दृष्टिगत आवश्यक कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए उपयुक्त स्थानों पर पार्किंग स्थलों के विकास, प्रमुख मार्गों एवं बाजारों को अतिक्रमण मुक्त कराने तथा यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के निर्देश दिए। साथ ही नियमित अभियान चलाकर अवैध अतिक्रमण हटाने पर बल दिया।
जिलाधिकारी ने हर घर नल योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि प्रत्येक पात्र परिवार तक समयबद्ध ढंग से शुद्ध पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराई जाए तथा जिन क्षेत्रों में कार्य शेष हैं, वहां तेजी से कार्य पूरा कराया जाए।
उन्होंने सभी नगर पालिका एवं नगर पंचायत अध्यक्षों तथा संबंधित अधिकारियों से जनहित को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए विकास कार्यों की नियमित निगरानी करने और शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने को कहा। उन्होंने कहा कि नगरीय क्षेत्रों को स्वच्छ, सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं नागरिक सुविधाओं से युक्त बनाना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ, नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष शत्रोहन सोनकर, जनपद की समस्त नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अध्यक्ष तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण और विकास कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश





