• Home
  • State
  • चार लाख से अधिक किशोरियों को मिला सर्वाइकल कैंसर से बचाव का सुरक्षा कवच

चार लाख से अधिक किशोरियों को मिला सर्वाइकल कैंसर से बचाव का सुरक्षा कवच

लखनऊ: जन सामना डेस्क। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व एवं उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश में किशोरियों को सर्वाइकल (गर्भाशय ग्रीवा) कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से संचालित ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) टीकाकरण अभियान ने महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। मार्च 2026 में शुरू किए गए इस विशेष अभियान के तहत प्रदेश में अब तक 14-15 वर्ष आयु वर्ग की चार लाख से अधिक किशोरियों का सफलतापूर्वक टीकाकरण किया जा चुका है। यह उपलब्धि प्रदेश सरकार की बालिकाओं के स्वास्थ्य संरक्षण, कैंसर की रोकथाम एवं निवारक स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
अपर मुख्य सचिव, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अमित कुमार घोष ने कहा कि किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने के लिए एचपीवी टीकाकरण एक अत्यंत महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्वास्थ्य हस्तक्षेप है। उन्होंने कहा कि चार लाख से अधिक बालिकाओं तक इस जीवनरक्षक टीके की पहुंच सुनिश्चित होना प्रदेश के लिए बड़ी उपलब्धि है।
उन्होंने सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी पात्र बेटियों का समय पर एचपीवी टीकाकरण अवश्य कराएं तथा किसी भी प्रकार की भ्रांतियों या अफवाहों पर ध्यान न दें। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य प्रदेश की प्रत्येक पात्र किशोरी तक सुरक्षित एवं प्रभावी एचपीवी टीका पहुंचाना है।
अपर मुख्य सचिव ने बताया कि प्रदेश में 24 लाख पात्र किशोरियों के एचपीवी टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसके सापेक्ष अब तक चार लाख से अधिक किशोरियों का सफलतापूर्वक टीकाकरण किया जा चुका है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी संबंधित विभागों के समन्वित प्रयासों एवं जनसहयोग से यह लक्ष्य समयबद्ध रूप से प्राप्त कर लिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान अंबेडकर नगर ने 18,499 किशोरियों का टीकाकरण कर प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इसके बाद बरेली में 15,075, हाथरस में 14,337, सिद्धार्थनगर में 13,741 तथा सुल्तानपुर में 13,564 किशोरियों का टीकाकरण किया गया। इन जनपदों का उत्कृष्ट प्रदर्शन अन्य जिलों के लिए भी प्रेरणास्रोत बना है।
अपर मुख्य सचिव ने कहा कि जिन जनपदों में टीकाकरण की प्रगति अपेक्षाकृत कम है, वहां विशेष रणनीति के तहत अभियान को और गति दी जा रही है। राज्य स्तर पर नियमित समीक्षा, फील्ड मॉनिटरिंग, स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग के बीच बेहतर समन्वय तथा सामुदायिक जागरूकता गतिविधियों को प्रभावी बनाया गया है, ताकि कोई भी पात्र किशोरी इस महत्वपूर्ण टीके से वंचित न रहे।
उन्होंने बताया कि एचपीवी संक्रमण सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण माना जाता है और समय पर लगाया गया एचपीवी टीका इस बीमारी से बचाव का सुरक्षित एवं प्रभावी माध्यम है। प्रदेश में पात्र किशोरियों के लिए यह टीका जिला अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों तथा स्वास्थ्य उपकेंद्रों सहित नियमित टीकाकरण के सभी केंद्रों पर निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है।
अभियान के सफल संचालन के लिए स्टाफ नर्सों, एएनएम, सीएचओ, आशा कार्यकर्ताओं तथा अन्य स्वास्थ्यकर्मियों का व्यापक क्षमता-वर्धन किया गया है, जिससे टीकाकरण की गुणवत्ता एवं सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। साथ ही समुदाय स्तर पर अभिभावकों को एचपीवी टीके की उपयोगिता, सुरक्षा एवं महत्व के प्रति लगातार जागरूक किया जा रहा है। इन प्रयासों का सकारात्मक परिणाम है कि प्रदेश में एचपीवी टीकाकरण के प्रति लोगों का विश्वास लगातार बढ़ रहा है और बड़ी संख्या में पात्र किशोरियां इस जीवनरक्षक टीके का लाभ उठा रही हैं। राज्य सरकार भविष्य में भी प्रत्येक पात्र किशोरी तक एचपीवी टीकाकरण की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top