• Home
  • कानपुर नगर
  • हेलमेट और सीट बेल्ट से ही सुरक्षित होगा सफर : डीएम

हेलमेट और सीट बेल्ट से ही सुरक्षित होगा सफर : डीएम

♦ जून में बिना हेलमेट के 38,221 व रॉन्ग साइड ड्राइविंग में 14,707 चालान
♦ सड़क दुर्घटना पीड़ितों के उपचार के लिए 9 अस्पताल चिन्हित
कानपुर नगर। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों के अनुपालन, दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुधार तथा दुर्घटना पीड़ितों को त्वरित उपचार उपलब्ध कराने की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने की अपील करते हुए कहा कि थोड़ी सी सावधानी अनमोल जीवन बचा सकती है। उन्होंने कहा, अपनों की मुस्कान बनाए रखें, हेलमेट पहनें, सीट बेल्ट लगाएं और हर सफर सुरक्षित बनाएं।
उन्होंने स्कूलों और कॉलेजों में सड़क सुरक्षा के प्रति विशेष जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए, ताकि बच्चों और युवाओं में यातायात नियमों के पालन की आदत विकसित हो सके। साथ ही रैली, प्रतियोगिताओं एवं अन्य कार्यक्रमों के माध्यम से जनजागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया।
बैठक में बताया गया कि जून 2026 में यातायात पुलिस ने ओवर स्पीडिंग के 9,619, बिना हेलमेट वाहन चलाने पर 38,221, रॉन्ग साइड ड्राइविंग पर 14,707, ड्रंक एंड ड्राइविंग के 422 तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के प्रयोग पर 367 चालान किए।
बैठक में राहवीर योजना और पीएम राहत जन आरोग्य योजना की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि राहवीर योजना के तहत सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को गोल्डन ऑवर में अस्पताल पहुंचाने वाले पात्र व्यक्ति को 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाती है।
वहीं पीएम राहत जन आरोग्य योजना के तहत सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को अधिकतम सात दिन अथवा 1.50 लाख रुपये तक कैशलेस उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। इसके लिए जनपद में वेदान्ता हॉस्पिटल, डेल्टा हॉस्पिटल, आशीर्वाद हॉस्पिटल, चांदनी हॉस्पिटल प्रा. लि., उजाला सिग्नस कुलवंती हॉस्पिटल, नारायणा हॉस्पिटल, रामादेवी मेडिकल सेंटर प्रा. लि., रामा हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर तथा रामा हॉस्पिटल को चिन्हित किया गया है।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को सड़क सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन कराने, दुर्घटना संभावित स्थलों पर आवश्यक सुधार करने तथा राहवीर एवं पीएम राहत जन आरोग्य योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में डीसीपी यातायात रविंद्र कुमार, एडीएम सिटी आलोक कुमार गुप्ता सहित लोक निर्माण, परिवहन एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी तथा व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top