कानपुर। कानपुर मण्डल के आयुक्त की अध्यक्षता में सम्भागीय परिवहन प्राधिकरण (आरटीए) की एक महत्वपूर्ण बैठक आगामी 28 जुलाई 2026 को मण्डल आयुक्त के आर्यनगर स्थित शिविर कार्यालय में शाम 5 बजे आयोजित की जाएगी। सम्भागीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) राकेन्द्र कुमार सिंह द्वारा जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार, इस बैठक में परिवहन व्यवस्था और परमिटों से जुड़े कई अहम मामलों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
बैठक में कैरेज बाई रोड एक्ट, 2007 के अंतर्गत “कॉमन कैरियर” के नए पंजीकरण और नवीनीकरण के लिए प्राप्त आवेदनों पर विचार किया जाएगा। केंद्रीय मोटरयान अधिनियम, 1988 की धारा 84 में उल्लिखित आवश्यक शर्तों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध धारा 86 के तहत परमिट निलंबित या निरस्त करने की कार्रवाई पर मंथन होगा। मालवाहक/जनभार वाहनों के परमिट की वैधता तीन वर्ष से अधिक समय से समाप्त होने के बावजूद नवीनीकरण न कराने वाले परमिटों को निरस्त करने पर फैसला लिया जा सकता है। कानपुर–औरैया (वाया विहारघाट) मार्ग के परमिटों के नवीनीकरण हेतु प्राप्त आवेदन-पत्रों पर विचार किया जाएगा। इसके साथ ही मण्डलायुक्त की अनुमति से जनहित से जुड़े अन्य विषयों पर भी चर्चा संभव है। कार्यालय द्वारा सर्वसम्बन्धित व्यक्तियों एवं वाहन स्वामियों को सूचित किया गया है कि वे नियत समय और स्थान पर उपस्थित होकर अपना पक्ष रख सकते हैं।





