रायबरेली। सदर विधायक अदिति सिंह ने रविवार को विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर शोक संतप्त परिवारों से मुलाकात की तथा दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित कर परिजनों को सांत्वना दी। विधायक अदिति सिंह सबसे पहले अहियापुर पहुंचीं, जहां उन्होंने अपने सहयोगी सौरभ श्रीवास्तव की माता, पिंटू तिवारी की माता तथा बब्लू मौर्य के पिता के निधन पर उनके आवास जाकर परिजनों से भेंट की। इस दौरान उन्होंने शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए उन्हें ढांढस बंधाया।
इसके बाद विधायक बस्तेपुर पहुंचीं, जहां उन्होंने वरिष्ठ सहयोगी अवधेश “बाबा” की सास के निधन के उपरांत आयोजित तेरहवीं संस्कार कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। तत्पश्चात वह किशुन का पुरवा पहुंचीं, जहां पूर्व सभासद तेज बहादुर की पुत्री के निधन पर उनके आवास जाकर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने परिजनों को सांत्वना देते हुए इस कठिन समय में धैर्य और साहस बनाए रखने का संदेश दिया।
इस अवसर पर विधायक अदिति सिंह ने कहा कि दुःख की इस घड़ी में वह सभी शोक संतप्त परिवारों के साथ खड़ी हैं। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत पुण्यात्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति दें।










