रायबरेली। सेवानिवृत्त डिप्टी एसपी आर. एन. गौतम ने कांग्रेस प्रदेश सचिव अतुल सिंह के साथ रायबरेली के सांसद राहुल गांधी से मुलाकात कर जनहित में सड़क और सोलर लाइट स्वीकृत कराने के लिए उनका आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर उन्होंने सांसद को डॉ. भीमराव अंबेडकर का चित्र भी भेंट किया। आर. एन. गौतम ने बताया कि उन्होंने 7 सितंबर 2025 को सांसद राहुल गांधी से व्यक्तिगत रूप से मिलकर ब्लॉक महाराजगंज के गंगपुर कुटी मजरे बारी मोहल्ला क्षेत्र में नहर पुलिया जूनियर हाईस्कूल गंगपुर से प्राथमिक पाठशाला कड़रिया के निकट मेहंदी वीर बाबा स्थल तक लगभग 300 मीटर पक्की सड़क और सोलर लाइट लगाने की मांग की थी।
उन्होंने बताया कि सांसद राहुल गांधी ने उनके प्रार्थना पत्र का संज्ञान लेते हुए प्रस्ताव जिला प्रशासन को भेजा। इसके बाद ग्रामीण अभियंत्रण विभाग द्वारा सड़क के डामरीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। वहीं सांसद निधि से आम रास्ते पर सोलर लाइटें भी स्थापित कर दी गई हैं। सड़क और सोलर लाइट की सुविधा मिलने से क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि इससे आवागमन सुगम होगा और रात के समय रोशनी की बेहतर व्यवस्था होने से लोगों को राहत मिलेगी।










