• Home
  • रायबरेली
  • एनटीपीसी ऊंचाहार के बालिका सशक्तिकरण अभियान में मंत्री मनोज पाण्डेय ने बालिकाओं का बढ़ाया उत्साह

एनटीपीसी ऊंचाहार के बालिका सशक्तिकरण अभियान में मंत्री मनोज पाण्डेय ने बालिकाओं का बढ़ाया उत्साह

रायबरेली। एनटीपीसी ऊंचाहार द्वारा संचालित बालिका सशक्तिकरण अभियान के अंतर्गत आयोजित विशेष कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति मंत्री मनोज पाण्डेय ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम में एनटीपीसी ऊंचाहार के परियोजना प्रमुख बिस्व मोहन सिंह ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए बालिका सशक्तिकरण अभियान की रूपरेखा, उद्देश्यों और इसके सकारात्मक प्रभावों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह अभियान बालिकाओं को शिक्षा, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास के माध्यम से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

इस अवसर पर अभियान की गतिविधियों एवं उपलब्धियों पर आधारित एक विशेष वीडियो प्रस्तुति भी प्रदर्शित की गई, जिसमें बालिकाओं के प्रशिक्षण, सीखने और विकास की झलकियां दिखाई गईं। प्रस्तुति को उपस्थित अतिथियों ने सराहा। अपने संबोधन में मंत्री मनोज पाण्डेय ने बालिकाओं को बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि शिक्षा जीवन में सफलता की कुंजी है, लेकिन इसके साथ अनुशासन और संस्कार भी उतने ही महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने बालिकाओं से आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और अपने लक्ष्य हासिल करने का आह्वान किया।

मंत्री ने कहा कि बेटियों को सशक्त बनाना समाज और राष्ट्र के विकास की आधारशिला है। ऐसे अभियान बालिकाओं को नई दिशा देने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर और सक्षम बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। कार्यक्रम में परियोजना प्रमुख बिस्व मोहन सिंह, आशुतोष बिस्वास, दिलीप कुमार साहू, एस. यू. हरिदास, विभिन्न विभागाध्यक्ष, यूनियन एवं एसोसिएशन के अध्यक्ष तथा संस्थान के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ प्रबंधक आदेश पाण्डे ने किया। कार्यक्रम का समापन बालिकाओं के उज्ज्वल भविष्य और उनके सर्वांगीण विकास की कामना के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top