रायबरेली। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के उपलक्ष्य में एनटीपीसी ऊंचाहार में तीन दिवसीय योग शिविर का शुभारंभ किया गया। शिविर में कर्मचारियों, उनके परिजनों तथा बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए योग के प्रति अपनी रुचि और जागरूकता का परिचय दिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं एनटीपीसी ऊंचाहार के कार्यकारी निदेशक बी.एम. सिंह ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मानसिक, शारीरिक और आध्यात्मिक विकास का सशक्त माध्यम है। उन्होंने बताया कि नियमित योगाभ्यास से उन्हें स्वयं भी लाभ मिला है और सभी को योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम का शुभारंभ कार्यकारी निदेशक बी.एम. सिंह, महाप्रबंधक अशुतोष विश्वास, डी.के. साहू, एस.यू. हरिदास, पीडिएलसी की वरिष्ठ सदस्या रंजीथा हरिदास तथा यूनियन एवं एसोसिएशन के प्रतिनिधियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन और समवेत एनटीपीसी गीत गायन के साथ किया गया। योग शिविर में संकल्प शक्ति योग साधना दर्शन केंद्र, कपूरथला (चंडीगढ़) से आए स्वामी हर्षलानंद नीलजी महाराज ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और सूर्य नमस्कार का अभ्यास कराया। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को शारीरिक रूप से स्वस्थ, मानसिक रूप से संतुलित और आध्यात्मिक रूप से समृद्ध बनाता है। स्वामी हर्षलानंद नीलजी महाराज ने बताया कि आगामी तीन दिनों तक चलने वाले इस शिविर में ध्यान (मेडिटेशन), एक्यूप्रेशर, रेकी तथा अन्य स्वास्थ्यवर्धक विधियों की जानकारी दी जाएगी। इसके माध्यम से प्रतिभागियों को तनावमुक्त जीवनशैली अपनाने और विभिन्न शारीरिक समस्याओं एवं दर्द से राहत पाने के उपायों से अवगत कराया जाएगा। कार्यक्रम में उपस्थित कर्मचारियों, उनके परिजनों और बच्चों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में भाग लेने तथा योग के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया। शिविर का मूल संदेश था कि योग को जीवन का अभिन्न अंग बनाकर ही स्वस्थ, सशक्त और सकारात्मक समाज का निर्माण किया जा सकता है। आयोजन के दौरान पूरे परिसर में स्वास्थ्य, अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा का वातावरण देखने को मिला।





