• Home
  • रायबरेली
  • आरेडिका में अंतरराष्ट्रीय योग सप्ताह के तहत योग गोष्ठी एवं योग टॉक का आयोजन

आरेडिका में अंतरराष्ट्रीय योग सप्ताह के तहत योग गोष्ठी एवं योग टॉक का आयोजन

रायबरेली। अंतरराष्ट्रीय योग सप्ताह के अवसर पर आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना (आरेडिका) में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में 16 जून को आरेडिका के सेंट्रल पार्क में सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें अधिकारियों, कर्मचारियों, महिलाओं एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए योगाभ्यास किया और इसके महत्व को समझा। 17 जून से 19 जून तक योग विषयक विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं गतिविधियों का आयोजन किया गया। इनमें पोस्टर मेकिंग, स्लोगन लेखन, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता और साइकिल रेस प्रमुख रहीं। इस दौरान बच्चों ने भी योगाभ्यास कर सभी को योग अपनाने के लिए प्रेरित किया।

19 जून को आरेडिका चिकित्सालय द्वारा मानसिक स्वास्थ्य विषय पर एक विशेष गोष्ठी एवं योग सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मंडल चिकित्सा अधिकारी डॉ. कृष्ण कुमार सिंह ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के समन्वय का वैज्ञानिक माध्यम है। उन्होंने बताया कि नियमित प्राणायाम और ध्यान से मानसिक संतुलन, सकारात्मक सोच और एकाग्रता में वृद्धि होती है तथा तनाव, अवसाद और चिंता जैसी समस्याओं के प्रबंधन एवं रोकथाम में सहायता मिलती है।

कार्मिक विभाग के नेतृत्व एवं राजभाषा विभाग के सहयोग से “योग टॉक” विषयक एक व्यावहारिक कार्यशाला का भी आयोजन किया गया। कार्यशाला के मुख्य वक्ता प्रो. बी.के. भारद्वाज, बैसवारा डिग्री कॉलेज, लालगंज (रायबरेली) रहे। उन्होंने योग को भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर बताते हुए इसके शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य संबंधी लाभों पर विस्तार से प्रकाश डाला। साथ ही विभिन्न योगासनों, प्राणायाम और ध्यान की विधियों का व्यावहारिक प्रदर्शन कर बताया कि सही तरीके से योगाभ्यास कर अधिकतम स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किए जा सकते हैं। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए योग को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने का संकल्प लिया। अंतरराष्ट्रीय योग सप्ताह के दौरान आरेडिका में प्रतिदिन नियमित योग सत्रों का आयोजन भी किया जा रहा है, जिसमें अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। यह जानकारी मुख्य जनसंपर्क अधिकारी आर.एन. तिवारी ने दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top