फिरोजाबाद। भारतीय हलधर किसान यूनियन (भाकियू हलधर) ने किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर लेबर कॉलोनी फाटक स्थित विद्युत अधीक्षण अभियंता कार्यालय का घेराव किया और मांगों के समर्थन में ज्ञापन सौंपा। भाकियू हलधर के जिलाध्यक्ष जितेंद्र यादव के नेतृत्व में ग्राम बनीपुरा के सैकड़ों किसान विद्युत विभाग के कार्यालय पहुंचे। किसानों ने अधीक्षण अभियंता को संबोधित ज्ञापन सौंपते हुए ग्राम बनीपुरा में फुंके पड़े नलकूप ट्रांसफार्मरों को शीघ्र बदलवाने की मांग की, ताकि किसानों को सिंचाई कार्य में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
ज्ञापन में किसानों ने खैरगढ़ क्षेत्र के जूनियर इंजीनियर (जेई) पर अवैध वसूली के आरोप लगाते हुए इस पर तत्काल रोक लगाने और मामले की जांच कर कार्रवाई किए जाने की भी मांग की। किसान नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो संगठन आंदोलन को और तेज करने के लिए बाध्य होगा। इस दौरान राष्ट्रीय महासचिव देशराज भगत, आगरा मंडल अध्यक्ष ऋषभ यादव, महानगर अध्यक्ष सिकंदर मंसूरी, प्रदेश उपाध्यक्ष विनोद राठौर, प्रदेश प्रवक्ता उदयवीर सिंह यादव, जिला उपाध्यक्ष टिंकू यादव, ओमवीर सिंह यादव, विवेक यादव, अनुरोध भोला यादव, चंदन यादव, चंद्रमोहन चक्रवर्ती सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।





