फिरोजाबाद। कलेक्ट्रेट सभागार में शनिवार को उत्तर प्रदेश विधान परिषद की याचिका समिति की बैठक सभापति अशोक अग्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जनपद की विभिन्न विकास योजनाओं एवं सदस्यों द्वारा प्रस्तुत याचिकाओं के निस्तारण की प्रगति की समीक्षा की गई। सभापति अशोक अग्रवाल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनहित से जुड़े मामलों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। उन्होंने कहा कि जन समस्याओं के समाधान के लिए विशेष डेस्क बनाई जाए, जहां शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित हो तथा याचिकाओं की प्रगति रिपोर्ट समय से उपलब्ध कराई जाए।
बैठक में नगर पंचायत मक्खनपुर के वार्ड संख्या तीन में अधूरे कार्यों को मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना के अंतर्गत शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए गए। ग्राम जलालपुर में पारुल नगरिया मार्ग से करतार सिंह गुर्जर के घर तक 170 मीटर सीसी सड़क निर्माण को जिला पंचायत की वार्षिक कार्य योजना में शामिल करने के निर्देश भी दिए गए।
नगर निगम क्षेत्र के मोहल्ला उर्दू नगर से दीदामई तक 35 गलियों के कच्चे होने एवं जल निकासी की समस्या पर समिति ने नाराजगी जताई और समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। ग्राम भिंडी जसराना में प्रत्येक पोल पर एलईडी लाइट लगाने के प्रस्ताव को वित्तीय वर्ष 2025-26 की कार्य योजना में बजट उपलब्धता के आधार पर शामिल किए जाने की बात कही गई।
सभापति ने कहा कि विकास कार्य गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं तथा योजनाओं में शामिल कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाए। बैठक में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे, मुख्य विकास अधिकारी शत्रुघ्न वैश्य, अपर जिलाधिकारी विशु राजा, अपर जिलाधिकारी न्यायिक अरविंद द्विवेदी, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे मोहनलाल गुप्ता सहित समिति के सदस्य अनूप कुमार गुप्ता, उमेश द्विवेदी, मुकेश शर्मा, अरुण पाठक, बृजेश पाठक, रमा निरंजन, ऋषिपाल सिंह, मुकुल यादव और डॉ. सुरेंद्र चौधरी मौजूद रहे।





