फिरोजाबाद। जिला ओलंपिक संघ के तत्वावधान में आर.के. कॉलेज परिसर में आयोजित अस्मिता खेलो इंडिया डिस्ट्रिक्ट महिला हैंडबॉल लीग प्रतियोगिता में मेघा स्पोर्ट्स क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। प्रतियोगिता में जिले की छह टीमों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के पहले सेमीफाइनल मुकाबले में मेघा स्पोर्ट्स क्लब ने दाऊदयाल डिग्री कॉलेज की टीम को 5-2 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। वहीं दूसरे सेमीफाइनल में खेलो इंडिया स्टेडियम की टीम ने आर.के. कॉलेज की टीम को 3-2 से पराजित कर फाइनल में जगह बनाई।
फाइनल मुकाबला मेघा स्पोर्ट्स क्लब और खेलो इंडिया स्टेडियम की टीम के बीच खेला गया। इसमें मेघा स्पोर्ट्स क्लब ने एकतरफा प्रदर्शन करते हुए स्टेडियम की टीम को 5-1 से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। प्रतियोगिता में वंदना, मेघा, मनु, शिल्पी और मधु तिवारी ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन किया। विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी, मेडल तथा उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन की ओर से प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर आर.के. कॉलेज के चेयरमैन एन.सी. बंसल, जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष प्रदीप भारद्वाज, वीरेश यादव, रजनीश यादव, संजय उपाध्याय, देवेंद्र भूषण वर्मा, अनिल लहरी, राम यादव और अमित कुमार गुप्ता सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।





