फिरोजाबाद। भारतीय सांस्कृतिक कला मंच द्वारा मदर्स डे के अवसर पर माताओं एवं स्कूलों में कार्यरत 80 आया अम्माओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने मां के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मां से ही घर में खुशहाली और रौनक बनी रहती है। मुख्य अतिथि महापौर कामिनी राठौर ने कहा कि “मां” शब्द ही जीवन में निखार पैदा करता है। सुबह आंख खुलते ही मां के दर्शन हो जाएं तो पूरा दिन शुभ गुजरता है। उन्होंने कहा कि मां से बढ़कर दुनिया में कोई दूसरा नहीं है।
कार्यक्रम में डॉ. शिखा जैन ने कहा कि महिला मां बनकर ही उच्च स्थान प्राप्त करती है। डॉ. पूनम अग्रवाल ने कहा कि मां हमारे जीवन में रंग भरती है और सही रास्ता दिखाती है। वहीं डॉ. मनोरमा गुप्ता ने सम्मानित हुई आया अम्माओं से अपने स्वास्थ्य का भी विशेष ध्यान रखने की अपील की। इस अवसर पर कल्पना राजोरिया, अंजू जैन, रेनू अरोरा, अश्मिता शर्मा, डॉ. नंदनी यादव, रूपाली भटनागर और डॉ. सारिका अग्रवाल ने भी मदर्स डे पर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम के दौरान गायन प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें शाइस्ता ने प्रथम, जीरशान अब्बास ने द्वितीय तथा अंश ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। आया अम्माओं को स्वर्गीय विमला देवी गुप्ता की स्मृति में प्रतीक चिन्ह एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में संस्थान की निदेशक अंजू जैन और संयोजक असलम भोला ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।




