फिरोजाबाद। सदर विधायक मनीष असीजा ने विधायक निधि से रसूलपुर क्षेत्र के नींबू वाला बाग स्थित राठौर धर्मशाला में करीब 23 लाख रुपये की लागत से होने वाले विकास कार्यों का हवन-पूजन कर शुभारंभ किया। धर्मशाला के जीर्णोद्धार से क्षेत्रीय लोगों को शादी-विवाह सहित अन्य सामाजिक आयोजनों में सुविधा मिल सकेगी। सदर विधायक ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य की नींव रखी। इस दौरान उन्होंने कहा कि क्षेत्र का समग्र विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। स्थानीय लोगों द्वारा लंबे समय से बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और सुधार की मांग की जा रही थी, जिसके तहत राठौर धर्मशाला का जीर्णोद्धार कराया जा रहा है।
विधायक ने कहा कि विकास कार्यों के माध्यम से क्षेत्रवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। निर्माण कार्य शुरू होने से स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल दिखाई दिया। क्षेत्रीय नागरिकों ने विधायक का फूलमाला पहनाकर स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया। इसके अलावा सदर विधायक ने वार्ड संख्या 45 नगला विष्णु में भी विकास कार्यों का शुभारंभ किया। यह निर्माण कार्य ग्रामीण अभियंत्रण विभाग द्वारा कराया जाएगा।










