फरह। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य 13 मई को अपरान्ह एक बजे दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति द्वारा दीनदयाल गौ विज्ञान अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र, गऊ ग्राम परखम में नवनिर्मित विभिन्न प्रकल्पों का लोकार्पण, गृह प्रवेश एवं भूमि पूजन करेंगे। उप मुख्यमंत्री इस अवसर पर गौरी भवन कन्या छात्रावास, औषधि उद्यान, पशु चिकित्सालय, स्टूडियो और बुनकर प्रशिक्षण केंद्र की मशीन का ई-लोकार्पण करेंगे तथा दो हजार लोगों की क्षमता वाले कन्वेंशन सेंटर और 50 लोगों के स्टाफ आवास की आधारशिला रखेंगे।
यह जानकारी अशोक सिंघल सभागार, सप्त ऋषि कुटीर में आयोजित पत्रकार वार्ता में हरीशंकर शर्मा, मंत्री, दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति ने दी। उन्होंने बताया कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त 45 कमरों वाला गौरी भवन कन्या छात्रावास मुकेश शर्मा, संस्थापक अध्यक्ष प्रोमीथियस विद्यालय, नोएडा द्वारा बनवाया गया है, जिसमें एक साथ 125 छात्राएं रह सकती हैं। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि केशव प्रसाद मौर्य के अलावा राजकुमार मटाले (अखिल भारतीय सह सेवा प्रमुख, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ) और आशीर्वचन के लिए निरंजन पीठाधीश्वर श्री श्री 1008 आचार्य महामंडलेश्वर डॉ. स्वामी कैलाशानन्द गिरि महाराज एवं विजय कौशल महाराज उपस्थित रहेंगे। लोकार्पण से पूर्व गौ विज्ञान अनुसंधान केंद्र में प्रातः 10:30 से दोपहर 12:30 तक हवन, गृह प्रवेश और पूजन कार्यक्रम आयोजित होंगे।
डॉ. अनुराग शर्मा (प्रबंध कार्यकारिणी सदस्य) ने बताया कि पं. दीनदयाल औषधि उद्यान में विभिन्न प्रकार की औषधियां उगाई जाएंगी, जिनका उपयोग फार्मेसी और आयुर्वेदिक दवाओं के निर्माण में किया जाएगा। पं. दीनदयाल पशु चिकित्सालय में पशुओं का आयुर्वेदिक इलाज किया जाएगा। कीर्ति कुमार, प्रचार प्रमुख, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ब्रज प्रांत ने बताया कि कामधेनु प्रसार केंद्र आधुनिक स्टूडियो के रूप में कार्य करेगा, जिसमें वीडियो रिकॉर्डिंग, कॉन्फ्रेंसिंग, पॉडकास्टिंग, एजुकेशन इंटरव्यू और ऑनलाइन/ऑफलाइन कक्षाएं संचालित होंगी। इसका अपना ऑनलाइन चैनल भी होगा। सोनपाल, निदेशक, दीनदयाल धाम ने बताया कि बुनकर प्रशिक्षण केंद्र क्षेत्र के नागरिकों को प्रशिक्षण देकर रोजगार के अवसर प्रदान कर रहा है। नवीन रैपियर मशीन की स्थापना से अब कपड़ा निर्माण भी किया जा रहा है। इस अवसर पर नरेंद्र पाठक और मुकेश शर्मा, मीडिया प्रमुख उपस्थित रहेंगे।





