ऊंचाहार, रायबरेली। सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के तहत सोमवार को क्षेत्र के गौरी शंकरन शिवालय, हमीदपुर बड़ागांव में भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रांतीय मंत्री अभिलाष कौशल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश अपनी धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को पुनर्जीवित कर रहा है। ऊंचाहार के गौरी शंकरन मंदिर का पुनरुद्धार ऊंचाहार विधायक डॉ. मनोज पांडेय ने करवाया, जिससे स्थानीय धार्मिक विरासत को विकसित करने का कार्य संभव हुआ। कार्यक्रम में मंदिर में हवन पूजन किया गया और सैकड़ों लोग उत्सव का हिस्सा बने।
इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता आशीष तिवारी और पूर्व जिला पंचायत सदस्य राजा जितेंद्र सिंह भी उपस्थित रहे। भाजपा नेताओं ने कहा कि हमारे मंदिर केवल धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि हमारी पहचान और आत्मविश्वास का प्रतीक हैं। उन्होंने बताया कि द्वादश ज्योतिर्लिंगों में प्रथम सोमनाथ मंदिर पर विदेशी आक्रांताओं ने कई हमले किए और इसे लूटा गया, फिर भी धार्मिक आस्था और आत्मविश्वास कभी कम नहीं हुआ। अभिलाष कौशल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने हमारी धार्मिक विरासत को पुनर्जीवित कर देश के आत्मविश्वास को बढ़ाया है। उन्होंने गौरी शंकरन भोलेनाथ की विशेष कृपा का उल्लेख करते हुए कहा कि इसी कृपा से विधायक डॉ. मनोज पांडेय राज्य सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में आसीन हुए हैं।
इस आयोजन में प्रमुख रूप से मंडल अध्यक्ष पवन सिंह, बुदुन पांडेय, रीना पाल, विनीत कौशल, विनय शुक्ल, अमरेश यादव, राजेंद्र तिवारी बाबा, अनुभव सिंह, सूरज तिवारी सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे। इसके अलावा खंड विकास अधिकारी सुनील कुमार सिंह और महेंद्र सिंह यादव ने भी पूजा-अर्चना कर समारोह में भाग लिया।





